Ticker

6/recent/ticker-posts

भारतीय किसान यूनियन की मासिक पंचायत का हुआ आयोजन

भारतीय किसान यूनियन की मासिक पंचायत का हुआ आयोजन 

रिपोर्ट-नदीम निज़ामी

नकुड़-ब्लॉक सभागार में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन की मासिक पंचायत आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के किसान बड़ी संख्या में पहुंचे और अपनी समस्याएं खुलकर रखी।

बैठक में किसानों ने सबसे पहले गन्ने का भाव बढ़ाने की मांग उठाई। किसानों का कहना था कि डीजल, खाद और मजदूरी महंगी हो चुकी है, लेकिन गन्ने का रेट आज भी लागत के अनुरूप नहीं है। सरकार गन्ने का रेट 400 रुपये प्रति क्विंटल करे और बकाया भुगतान ब्याज सहित तुरंत कराए। किसानों ने बिजली विभाग के अधिकारियों के रवैये पर भी आक्रोश जताया। आरोप लगाया कि गांवों में अघोषित कटौती हो रही है, ट्यूबवेलों के बिल कई गुना बढ़ाकर भेजे जा रहे हैं और शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसके अलावा खेती में बिक रही नकली दवाओं और खाद को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। किसानों ने कहा कि बाजार में नकली कीटनाशक दवाएं खुलेआम बेची जा रही हैं, जिससे फसलें खराब हो रही हैं। कृषि विभाग ऐसे दुकानदारों पर सख्त कार्रवाई करे। बैठक में क्षेत्र में बढ़ रहे स्मैक और अवैध शराब के कारोबार पर भी चिंता जताई गई। किसानों ने कहा कि नशे के कारण युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है, प्रशासन को इस पर अभियान चलाकर रोक लगानी चाहिए। युवा विंग के प्रदेश सचिव चौधरी मेवाराम ने कहा कि संगठन किसानों के हक की लड़ाई के साथ सामाजिक बुराइयों के खिलाफ भी लड़ता रहेगा। मांगे न मानी गईं तो आंदोलन किया जाएगा। बैठक में जिला प्रवक्ता संजय चौधरी, कमलेश चौधरी, प्रदीप ठाकुर, डॉ. इदरीश अहमद, सरदार सुरेंद्र लाड़ी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में 20सूत्री एवं 25सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा बैठक