फर्रुखाबाद कराटे कप में सहारनपुर के खिलाड़ियों ने लहराया परचम, तीन पदक जीते
प्रतियोगिता में कराटे कोच नंदकिशोर को बेस्ट रेफरी एवं ऑफिशियल के पुरस्कार से सम्मानित किया गया
रिपोर्ट मनोज कश्यप
सहारनपुर - फर्रुखाबाद में आयोजित फर्रुखाबाद कराटे कप चैम्पियनशिप में सहारनपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले का गौरव बढ़ा है। बीएल मार्शल आर्ट्स एकेडमी के अध्यक्ष व कराटे एसोसिएशन ऑफ सहारनपुर के सचिव नन्दकिशोर ने बताया की एक नवंबर 2026 को ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्पोर्ट्स स्टेडियम, फतेहगढ़, फर्रुखाबाद में आयोजित फर्रुखाबाद कराटे कप चैम्पियनशिप में सहारनपुर की निधि ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया, जबकि समरीन और शैली पाल ने शानदार प्रदर्शन कर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। कड़े मुकाबलों के बीच सहारनपुर के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और मेहनत का परिचय देते हुए पदक हासिल किए। सहारनपुर लौटने पर बीएल मार्शल आर्ट्स अकादमी परिसर में खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।कराटे कप प्रतियोगिता में कराटे कोच नंदकिशोर को भी विशेष सम्मान प्राप्त हुआ। प्रतियोगिता में कराटे कोच नंदकिशोर को राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य मिथलेश अगव्राल, विधायक सुरभि गंगवार तथा कार्यक्रम आयोजक पारस भारद्वाज के द्वारा बेस्ट रेफरी एवं ऑफिशियल अवॉर्ड देकर सम्मानित किया।कराटे कोच नंदकिशोर ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सहारनपुर के खिलाड़ियों ने अपनी कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण के बल पर यह सफलता हासिल की है। निधि, समरीन और शैली पाल ने प्रतियोगिता में जिस आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ मुकाबले किए, वह सराहनीय है। खिलाड़ियों की इस सफलता से अन्य बच्चों और युवाओं को भी कराटे एवं मार्शल आर्ट्स के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर अनुराधा, रीटा, संदीप कश्यप, राजकुमार, धनीपाल, सुरेश कुमार, अमित, प्रदीप, कन्हैया लाल सहित अन्य खेल प्रेमियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



0 टिप्पणियाँ