राजाजी पार्क के चार पर्यटक जोन के द्वार 15 नवंबर से पर्यटकों के लिए खुलेंगे
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
हरिद्वार-जंगल के रोमांचक अनुभव के लिए राजाजी टाइगर रिजर्व के चार पर्यटक जोन के द्वार 15 नवंबर से पर्यटकों के लिए खुलने जा रहे हैं। नए पर्यटन सत्र को लेकर पार्क प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।सफारी ट्रेक को दुरुस्त करने का काम अंतिम चरण में है। साथ ही जंगल में वन्यजीवों के लिए नए जलस्रोत भी विकसित किए गए हैं।
चिल्लावाली पर्यटक जोन के लिए एक सप्ताह की एडवांस बुकिंग हो चुकी है।अन्य पर्यटक जोन में भी एडवांस बुकिंग चल रही हैं।राजाजी टाइगर रिजर्व के चार पर्यटक जोन में 15 नवंबर से जंगल सफारी शुरू होगी।इसके लिए जंगल के कच्चे रास्तों को समतल करने, क्षतिग्रस्त हिस्सों को ठीक करने और सफारी वाहनों की आवाजाही सुगम बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।रानीपुर और चिल्लावाली पर्यटक जोन में भी तैयारियां अंतिम दौर में हैं। 15नवंबर से 15 फरवरी तक सुबह 6ः30 से 8 बजे के बीच और दोपहर बाद 1ः30से 3बजे के बीच पर्यटकों को प्रवेश दिया जाएगा।निर्धारित समय में जंगल से बाहर निकलना अनिवार्य होगा।फरवरी से जून तक सूर्याेदय और सूर्यास्त के अनुसार समय में बदलाव किया जाएगा।एक सफारी में लगभग दो से साढ़े तीन घंटे का समय लगता है।पिछले पर्यटन सत्र (15 नवंबर 2025 से 15 जून 2026) में चारों पर्यटक जोन में 50,309पर्यटक पहुंचे थे।इनमें 47,881भारतीय और 2,428विदेशी पर्यटक शामिल थे।पर्यटन से पार्क प्रशासन को करीब 1.28 करोड़ रुपये का राजस्व मिला था।इस बार पर्यटकों की आमद बढ़ने की उम्मीद है।जंगल के रास्तों के आसपास नए जलस्रोत विकसित किए गए हैं,जिससे वन्यजीवों को पानी उपलब्ध होने के साथ उनके प्राकृतिक आवास में दिखाई देने की संभावना भी बढ़ेगी।वाइल्ड लाइफ वार्डन चित्रांजली नेगी के अनुसार रानीपुर और चिल्लावाली पर्यटक जोन में सफारी ट्रेक को दुरुस्त करने सहित सभी जरूरी तैयारियां कराई जा रही हैं। जलस्रोतों को भी विकसित किया गया है,ताकि वन्यजीवों को पर्याप्त पानी मिल सके। 15 नवंबर से पर्यटकों को बेहतर सफारी अनुभव देने के लिए विभाग की ओर से व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
0 टिप्पणियाँ