69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी खेल प्रतियोगिता कुराश का हुआ भव्य समापन
रिपोर्ट मनोज कश्यप
सहारनपुर- राष्ट्रीय विद्यालयी खेल प्रतियोगिता कुराश का पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हो गया। प्रतियोगिता मे पंजाब की टीम ने अपने शानदार खेल के बलबूते प्रथम स्थान प्राप्त कर ओवरऑल ट्रॉफी जीतकर विजेता बनने का खिताब अपने नाम किया जबकि दिल्ली की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर उपविजेता बनने का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता मे उत्तर प्रदेश की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि जसवंत सिंह सैनी (राज्य मंत्री, संसदीय कार्य व औद्योगिक विकास, उत्तर प्रदेश) ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया।
डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम, सहारनपुर में 5 दिनों तक चली राष्ट्रीय विद्यालयी खेल प्रतियोगिता कुराश का भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपने दमदार प्रदर्शन से प्रतियोगिता को यादगार बना दिया। अंतिम दिन खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए दर्शकों को रोमांचित किया। कार्यक्रम का आरंभ मुख्य अतिथि जसवंत सिंह सैनी (राज्य मंत्री, संसदीय कार्य व औद्योगिक विकास, उत्तर प्रदेश) के द्वारा दीप प्रज्वलन से किया गया। संयुक्त शिक्षा निदेशक सहारनपुर राणा.एस.के. सुमन ने मुख्य अतिथि का बालवृक्ष, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरविन्द पाठक एवं जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय हर्षदेव स्वामी ने संजय गर्ग (पूर्व राज्य मंत्री) का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। मुख्य अतिथि जसवंत सिंह सैनी (राज्य मंत्री, संसदीय कार्य व औद्योगिक विकास, उत्तर प्रदेश) ने खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया तथा खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेल खेलने और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। मुख्य अतिथि ने आयोजन को सफल बताया तथा सभी के प्रयासों की सराहना की। समापन कार्यक्रम के अवसर पर जे.बी.एस हिन्दू कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने राजस्थानी संस्कृति और कला को समेटे हुए मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। श्री दिगम्बर जैन इंटर कॉलेज की छात्राओं ने अपने नृत्य के माध्यम से सभी को उत्तराखंड की मिट्टी की खुशबू से सराबोर कर दिया। पंजाबी लोक नृत्य की प्रस्तुति से गुरुनानक कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सभी को मन्त्रमुग्ध कर दिया। संयुक्त शिक्षा निदेशक राणा.एस .के .सुमन के द्वारा मुख्य अतिथि के सामने पाँच दिन से चल रहे कार्यक्रम के आयोजन की जानकारी दी गई तथा सभी का आभार व्यक्त किया गया।

0 टिप्पणियाँ