Ticker

6/recent/ticker-posts

रमजान के पहले जुमे पर सहारनपुर में अमन-चैन की दुआएं, कड़ी सुरक्षा के बीच अदा हुई नमाज

रमजान के पहले जुमे पर सहारनपुर में अमन-चैन की दुआएं, कड़ी सुरक्षा के बीच अदा हुई नमाज

रिपोर्ट अमान उल्ला खान

सहारनपुर- पवित्र रमजान माह के पहले जुमे पर शुक्रवार को नगर सहित पूरे जनपद की मस्जिदों में अकीदत और श्रद्धा के साथ नमाज अदा की गई। इस दौरान नमाजियों ने देश में अमन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी। प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

नगर के चौक फव्वारा स्थित प्रमुख जामा मस्जिद में नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। मस्जिद परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस एवं पीएसी के जवानों की तैनाती की गई थी, जबकि प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। दोपहर लगभग एक बजे मस्जिद के इमाम कारी अरशद गोरा के नेतृत्व में नमाज अदा कराई गई। उन्होंने अपने संबोधन में रमजान माह की पवित्रता और महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से रोजे रखने, जरूरतमंदों की मदद करने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। नमाज के शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक नगर ओयोम बिंदल सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर तैनात रहे। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का लगातार निरीक्षण किया और नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा गया। पहले जुमे की नमाज के बाद लोगों ने बाजारों का रुख किया और रमजान से संबंधित आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी की। बाजारों में भी रौनक देखने को मिली और लोगों में उत्साह का माहौल रहा। प्रशासन ने सभी नागरिकों से रमजान माह के दौरान शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

साउथ सिटी, दिल्ली रोड स्थित परिसर में हुआ बृहद ऋण शिविर का आयोजन