बोर्ड बैठक में आय व्यय का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पास
सभासदों ने की स्टेट हाईवे पर फ्लाईओवर के दोनो छोर पर नगर में प्रवेश हेतु सांकेतिक बोर्ड लगाने की मांग
आगामी पर्व ईद उल फितर पर सफाई, पेयजल आपूर्ति और प्रकाश व्यवस्था चाक चौबंद रखने के निर्देश
रिपोर्ट समीर चौधरी
देवबंद-नगर पालिका परिषद देवबंद की बोर्ड बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए वार्षिक बजट आय 64 करोड़ 53 लाख 63 हजार रुपये और व्यय 55 करोड़ 28 लाख 10 हजार रुपये सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया। इसके अलावा आगामी ईदुल फितर त्यौहार पर नगर में तीन दिनों तक विशेष सफाई अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए गए।
शनिवार को नगर पालिका सभागार में चेयरमैन विपिन गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक में अधिशासी अधिकारी राजपति बैस द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए वार्षिक बजट पेश किया गया। बोर्ड द्वारा चर्चा कर अनुमानित आय व्यय के बाद 9 करोड़ 7 लाख 53 हजार रुपये के लाभ का बजट सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया। बैठक में कुछ सभासदों द्वारा स्टेट हाईवे 59 पर देवबंद आबादी क्षेत्र में बनाए गए फ्लाईओवर के शुरू व अंत में सर्विस रोड पर करीब 20 से 30 मीटर पहले लिंक रोड पर नगर देवबंद में प्रवेश करने वाले वाहनों की सुविधा के लिए सांकेतिक बोर्ड लगवाए जाने की मांग की गई। जिस पर पालिकाध्यक्ष ने प्रस्तावित कार्य को कराए जाने का आश्वासन दिया। इसके अलावा चेयरमैन विपिन गर्ग ने आगामी ईदुल फितर त्यौहार के मद्देनजर नगर में सफाई, पेयजल आपूर्ति व प्रकाश व्यवस्था चाक चौबंद रखने और ईदगाह व आस पास के क्षेत्र में तीन दिनों तक विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। बोर्ड बैठक में कुलदीप सैनी, शाहिद हसन, मोहम्मद वाजिद, नाहिदा खानम, अफशा लियाकत, हाजी शहजाद, अख्तर अंसारी, नदीम चौधरी, मनोज सिंघल, सैयद हारिस, शाहीन, रिहाना, बिलकीस, आयशा, सुधा गांधी समेत 24 सभासद मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ