Ticker

6/recent/ticker-posts

चैत्र नवरात्र के पहले दिन विभिन्न शक्तिपीठ मंदिरों में उमड़ी श्रद्वालुओं की भारी भीड़

 चैत्र नवरात्र के पहले दिन विभिन्न शक्तिपीठ मंदिरों में उमड़ी श्रद्वालुओं की भारी भीड़

रिपोर्ट श्रवण कुमार झा

हरिद्वार-चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार के प्रमुख मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। श्रीपंच दशनाम जूना अखाड़ा स्थित नगर की अधिष्ठात्री देवी सिद्ध पीठ मां माया देवी के मंदिर में श्रद्धालु भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है।

जूना अखाड़े के राष्ट्रीय महामंत्री श्री महंत महेश पुरी ने बताया कि भक्तों की सुविधा को देखते हुए माया देवी मंदिर 24 घंटे श्रद्धालुओं के लिए खुला रहेगा सवेरे तथा सायं काल मंदिर में विशेष आरती का आयोजन किया जाएगा।नवरात्रों में प्रत्येक दिन माता का विशेष श्रृंगार किया जाएगा।उन्होंने कहा सात पुरी में से एक मायापुरी का विशेष महत्व है।यह सर्वांग पीठ है जहां दक्ष के हवन कुंड में सती होने के पश्चात भगवान शंकर ने सती का शव लेकर यहां पर विश्राम किया था इसलिए इसका विशेष महत्व है।इसके अतिरिक्त माँ मनसा देवी मंदिर,माँ चंडी देवी मंदिर समेत अन्य देवी मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं।दूर-दूर से आए भक्त माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए घंटों लाइन में खड़े नजर आ रहे हैं। नवरात्र के चलते मंदिरों में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए हरिद्वार पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।प्रमुख मंदिर मार्गों,प्रवेश द्वारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है।पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं की कतारों को व्यवस्थित करने के साथ-साथ उन्हें सुगम और सुरक्षित तरीके से दर्शन कराने में सहयोग कर रहे हैं।मंदिर मार्गों पर बैरिकेडिंग और दिशा-निर्देशों के माध्यम से भीड़ को नियंत्रित किया जा रहा है,ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।हरिद्वार पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन का सहयोग करें,निर्धारित मार्गों का पालन करें और धैर्य बनाए रखें,जिससे सभी भक्तों को सुरक्षित और सुचारु रूप से माता के दर्शन का लाभ मिल सके। इसके अतिरिक्त तीर्थनगरी के शीलता माता मंदिर,सुरेश्वरी देवी मंदिर,काली मंदिर,दक्षिणकाली मंदिर समेत तमाम मंदिरों में भारी भीड़ रही।नवरात्र के पावन अवसर पर हरिद्वार में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है तथा मंदिरों में जय माता दी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी के चुनाव की प्रक्रिया शुरू,चुनाव अधिकारी नियुक्त