शांतिकुंज साधकों का रक्तदान, जरूरतमंदों को मिलेगा जीवनदान
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
हरिद्वार-पं.श्रीराम शर्मा आचार्य जन्मशताब्दी चिकित्सालय,शांतिकुंज एवं हिमालयन हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।इस अवसर पर शांतिकुंज के साधकों तथा विभिन्न साधना सत्रों एवं प्रशिक्षण शिविरों में आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया।
शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता देखने को मिली,जिससे मानव सेवा का संदेश सशक्त रूप से प्रसारित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ.चिन्मय पण्ड्या ने दीप प्रज्वलन कर किया।इस अवसर पर डॉ.पण्ड्या ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है,जो किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने युवाओं से समय समय में इस प्रकार के सामाजिक कार्यों में भाग लेने का आह्वान किया।चिकित्सालय प्रबंधन के अनुसार शिविर के दौरान लगभग 100लोगों ने रक्तदान किया। एकत्रित रक्त को हिमालयन हॉस्पिटल,जौलीग्रांट की डॉक्टरों की टीम को सौंप दिया गया, उन्होंने इसे जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रखने का आश्वासन दिया।उल्लेखनीय है कि देवसंस्कृति विश्वविद्यालय एवं शांतिकुंज में समय-समय पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाता है,जिनमें देसंविवि व शांतिकुंज परिवार के सदस्य उत्साहपूर्वक रक्तदान करते हैं। इस दौरान जन्मशताब्दी चिकित्सालय प्रभारी डॉ.मंजू चौपदार तथा हिमालयन हॉस्पिटल के डॉ वीणा,डॉ.लतिका,सुधीर जोशी आदि सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।कार्यर्क्रम ने समाज में सेवा,सहयोग और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का संदेश दिया।
0 टिप्पणियाँ