श्रद्धालुओं ने किया दमड़ी यात्रा का स्वागत
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
हरिद्वार-संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 649वें प्रकाश उत्सव के अवसर पर पंजाब से हरिद्वार पहुंची दमड़ी यात्रा का श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। दमड़ी यात्रा ज्वालापुर बाजार से होते हुए दुर्गा चौक, शंकर आश्रम से ऋषिकुल तिराहा होते हुए हरकी पैड़ी पहुंची। यात्रा में हरिद्वार समेत उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में संतों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया।इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
दमड़ी यात्रा का शुभारंभ संतों और आईजी गढ़वाल द्वारा विधि-विधान के साथ किया गया।यात्रा पहले गुरुद्वारा श्रीगुरु सिंह सभा पहुंची,जहां अन्य यात्रा के साथ संगम होने के बाद यात्रा हरकी पैड़ी पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।आईजी गढवाल राजीव स्वरूप ने कहा कि पंजाब से आई दमड़ी यात्रा के माध्यम से समाज में समरसता,भाईचारे और एकता का व्यापक संदेश दिया है।कहा कि आज के समय में सामाजिक विभाजन को समाप्त कर सभी वर्गों को साथ लेकर चलना बेहद जरूरी है।यात्रा ने लोगों को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने की प्रेरणा दी।संतों के संदेश और मार्गदर्शन से समाज में सकारात्मक सोच विकसित होती है।सभी से आह्वान किया गया कि वे प्रेम,सौहार्द और सहयोग की भावना को आगे बढ़ाएं।संत बाबा निर्मल दास महाराज ने कहा कि दमड़ी यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने का सशक्त माध्यम है।उन्होंने कहा कि हरिद्वार की पावन भूमि सदियों से संतों की तपस्थली रही है और यहां से एक बार फिर देश को भाईचारे, एकता और समरसता का संदेश दिया जा रहा है।उन्होंने कहा कि पुल जटवाड़ा स्थित संत रविदास द्वार पर श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए 200से 400लोगों की व्यवस्था की गई है। विशाल हॉल,भोजन और विश्राम की समुचित सुविधाओं के चलते सैकड़ों श्रद्धालु एक साथ रुक सकते हैं।कार्यक्रम संयोजक राजबीर सिंह कटारिया ने बताया कि यात्रा के दौरान भजन- कीर्तन,सत्संग और गुरु रविदास के उपदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। बेगमपुरा की अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।कहा कि हजारों श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए हरकी पैड़ी स्थित गुरु रविदास मंदिर तक पहुंचे।इस मौके पर साधू संप्रदाय सोसायटी जालंधर पंजाब के चेयरमैन संत श्रवण दास बोहन,प्रधान संत बाबा निर्मल दास महाराज,जनरल सचिव संत इंद्र दास जनरल,संत परमजीत दास कोषाध्यक्ष,प्रचारक दीदी संतोष, महात्मा मेहरचंद दास,प्रमुख योगेश कुमार,तीर्थपाल रवि,अधिवक्ता सुशील कुमार,मंजीत नौटियाल,दर्जाधारी मंत्री देशराज कर्णवाल,हरिद्वार मेयर किरण जैसल,श्यामल प्रधान,कुशल पाल सिंह,तेल्लु राम प्रधान,सोनू लाठी,पप्पू पाटिल,सतीश कुमार,अश्वनी पटेल,संजय कुमार,स्वराज सिंह,अंकुश शेरवाल,प्रवीण कुमार,पदम सिंह,रविंद्र पालीवाल आदि मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ