डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति सेवा न्यास द्वारा एक दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग सम्पन्न
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति सेवा न्यास द्वारा संचालित सहारनपुर जनपद के सभी सेवा केंद्रों के संचालकों एवं संचालिकाओं का एक दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग बुधवार को मधुकर कुंज, देहरादून चौक, सहारनपुर में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। प्रशिक्षण वर्ग में सहारनपुर विभाग के लगभग 50 सेवा केंद्रों से आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अपने-अपने केंद्रों की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान प्रांत सह-व्यवस्था प्रमुख विनय जी ने सेवा केंद्रों में किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। वहीं प्रांत सेवा प्रमुख कुलदीप जी ने केंद्रों में संचालित कार्यक्रमों को और अधिक सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के संबंध में अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एस.पी. व्योम विंदल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कोमल देवी उपस्थित रहीं। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और न्यास द्वारा समाज हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों को शॉल भेंट कर सम्मानित भी किया गया।मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि,डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति सेवा न्यास ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ के संकल्प को धरातल पर उतारकर समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।”कार्यक्रम के समापन पर न्यास के अध्यक्ष फूल सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सुनील (कोषाध्यक्ष) एवं विभाग प्रचारक आशीष ने संयुक्त रूप से किया। उन्होंने संगठन की आगामी योजनाओं पर भी प्रकाश डाला।इस अवसर पर विभाग सेवा प्रमुख रामपाल , महानगर सेवा प्रमुख योगेंद्र शर्मा, सह सेवा प्रमुख कालूराम सहित अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ