Ticker

6/recent/ticker-posts

राष्ट्रीय फेडरेशन कप सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए कुमारी काजल और अजय कुमार का हुआ चयन

राष्ट्रीय फेडरेशन कप सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए कुमारी काजल और अजय कुमार का हुआ चयन

जिला एथलेटिक्स संघ सहारनपुर के सचिव डॉ. अशोक कुमार गुप्ता, अध्यक्ष यशपाल सिंह पुंडीर, सह-सचिव मुस्तकीम अंसारी ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी

रिपोर्ट मनोज कश्यप

सहारनपुर-जिले की होनहार एथलीट कुमारी काजल और अजय कुमार का चयन आगामी 29वीं राष्ट्रीय फेडरेशन कप सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए हुआ है। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के तत्वाधान में इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 22 से 25 मई तक झारखंड के रांची शहर में किया जाएगा। उक्त प्रतियोगिता मे सहारनपुर जिले की कुमारी काजल 400 मीटर दौड़ और अजय कुमार 10 हजार मीटर दौड़ में प्रतिभाग करेंगे। खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों में हर्ष की लहर है। 

जिला एथलेटिक्स संघ सहारनपुर के अध्यक्ष यशपाल सिंह पुंडीर और सह-सचिव मुस्तकीम अंसारी ने बताया कि दोनों खिलाड़ियों ने प्रयागराज के पंडित मदन मोहन मालवीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में 7 से 9 मई तक आयोजित 29वीं उत्तर प्रदेश राज्य सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भारतीय एथलेटिक्स महासंघ द्वारा निर्धारित मानकों को सफलतापूर्वक पार किया। उन्होने बताया की राज्य प्रतियोगिता मे कुमारी काजल ने 400 मीटर दौड़ को 54.21 सेकंड में पूर्ण कर स्वर्ण पदक और अजय कुमार ने 10 हजार मीटर दौड़ 29 मिनट 38.51 सेकंड में पूर्ण कर रजत पदक प्राप्त किया था। राज्य प्रतियोगिता में जिले के अन्य खिलाड़ियों ने भी पदक जीते, लेकिन वे राष्ट्रीय पात्रता के कड़े मानकों को छूने से मामूली अंतर से चूक गए। उल्लेखनीय है कि उक्त राज्य प्रतियोगिता मे संजय शर्मा ने 100 मीटर दौड़ में 10.81 सेकंड के साथ स्वर्ण पदक जीता था परंतु इस इवेंट के न्यूनतम मानक 10.75 सेकंड है। यानी मानक से 00.06 सेकंड अधिक। इसी प्रकार विजय कश्यप ने 200 मीटर दौड़ में 22.85 सेकंड समय के साथ कांस्य पदक जीता था जबकि न्यूनतम पूर्ण करने के मानक 21.80 सेकंड हैं। यानी मानक से 01.05 सेकंड अधिक। इसी 200 मीटर दौड़ इवेंट में युगांक चौधरी ने यह दौड़ 22.89 सेकंड के साथ पूर्ण कर पांचवा स्थान प्राप्त किया था। कुमारी स्वाति प्रजापति ने भाला फेंक में 38.55 मीटर की दूरी तक भाला फेंक कर चतुर्थ स्थान प्राप्त किया था जबकि राष्ट्रीय प्रतियोगिता मे भाग लेने के लिए 43.00 मीटर की दूरी पार करनी थी। जिला एथलेटिक्स संघ सहारनपुर के सचिव डॉ. अशोक कुमार गुप्ता ने राष्ट्रीय फेडरेशन कप सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए कुमारी काजल और अजय कुमार का चयन होने पर शुभकामनाएं देते उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति सेवा न्यास द्वारा एक दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग सम्पन्न