आनंद ए.डी. शुक्ल ने संभाला जिला सहकारी बैंक के नए प्रशासक का कार्यभार,
एनपीए वसूली, ई-पैक्स, भवन निर्माण और बैंकिंग विस्तार पर रहेगा विशेष फोकस
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
हरिद्वार- जिला सहकारी बैंक लिमिटेड,हरिद्वार में आज एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक परिवर्तन के तहत आनंद ए.डी. शुक्ल,अपर निबंधक सहकारी समितियां,उत्तराखंड ने बैंक के प्रशासक पद का कार्यभार ग्रहण किया।कार्यभार संभालते ही उन्होंने बैंक की प्रगति एवं कार्यप्रणाली को गति देने के उद्देश्य से सभी शाखा प्रबंधकों की समीक्षा बैठक आयोजित की तथा आगामी 15दिनों के लिए एक महत्वाकांक्षी पंचसूत्रीय कार्ययोजना घोषित की।
बैठक में प्रशासक श्री शुक्ल ने जनपद की शेष दो प्राथमिक कृषि ऋण समितियोंकृपनियाला एवं पथरीकृका कंप्यूटरीकरण पूर्ण कर उन्हें ई-पैक्स के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।इसके साथ ही जनपद मुख्यालय पर बैंक के नाम से आवंटित भूमि पर भवन निर्माण हेतु सभी आवश्यक औपचारिकताओं को शीघ्र पूर्ण करने पर बल दिया गया।उन्होंने बैंक में 3 से 5वर्षों से एक ही शाखा अथवा पटल पर कार्यरत पात्र कर्मचारियों की स्थानांतरण सूची तैयार करने के निर्देश भी दिए,जिससे प्रशासनिक दक्षता एवं पारदर्शिता को बढ़ावा मिल सके।इसके अलावा 10लाख रुपये से अधिक के सभी एनपीए खातों में सरफेसी अधिनियम के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा ऋण वसूली एजेंसियों के कार्यों की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार नई एजेंसियों की नियुक्ति की प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए। प्रशासक ने सभी शाखा प्रबंधकों को ऋण वितरण में वृद्धि कर अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने के निर्देश दिए।बैठक में जिला विकास प्रबंधक,नाबार्ड अखिलेश डबराल ने भी बैंक अधिकारियों को ग्रामीण वित्तीय समावेशन एवं व्यवसाय विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बैंकिंग गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।अपने संबोधन में आनंद ए.डी.शुक्ल ने कहा कि बैंक की सतत प्रगति, वित्तीय सुदृढ़ता और ग्राहकों के विश्वास को बनाए रखने के लिए स्पष्ट,समयबद्ध एवं परिणामोन्मुख कार्ययोजना आवश्यक है।उन्होंने एनपीए वसूली में तेजी लाने,ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने तथा बैंक के व्यवसायिक विस्तार के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया।बैठक में बैंक के सचिव/महाप्रबंधक सौ सिंह,जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड अखिलेश डबराल,उप महाप्रबंधक चरण सिंह सहित बैंक के वरिष्ठ अधिकारी एवं सभी शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ