प्रदेशीय मिनी एवं सब जूनियर जूडो प्रतियोगिता में एक स्वर्ण सहित 6 पदक जीतकर सहारनपुर ने दबदबा कायम किया
रिपोर्ट मनोज कश्यप
सहारनपुर-लखनऊ स्थित इंडियन पैरा जूडो अकादमी में आयोजित जूडो खेल महाकुम्भ के प्रथम दिन शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश जूडो एसोसिएशन के अध्यक्ष सुधीर हलवासिया, सचिव मुनव्वर अंजार, आनंद द्विवेदी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सहारनपुर जिला जूडो एसोसिएशन के संस्थापक सचिव एवं अन्तरराष्ट्रीय रेफरी दीपक गुप्ता ने बताया कि जूडो खेल महाकुम्भ में प्रदेश भर से बड़ी संख्या में खिलाड़ियो के द्वारा प्रतिभाग किया गया है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सहारनपुर के खिलाड़ियों द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक जीतना जिले की खेल प्रतिभा और खिलाड़ियों की मेहनत का प्रमाण है। प्रतियोगिता में सब जूनियर वर्ग के -40 किलोग्राम भार वर्ग में सुहाना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं मिनी सब जूनियर वर्ग के -28 किलोग्राम में सृष्टि कंडवाल तथा + 28 किलोग्राम वर्ग में समृद्धि ने रजत पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। इसके अलावा सब जूनियर वर्ग के -32 किलोग्राम में गौरांगी, -30 किलोग्राम में आरुष तथा +57 किलोग्राम में नंदिनी ने कांस्य पदक जीतकर सहारनपुर का परचम लहराया सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को सहारनपुर जिला जूडो संघ के अध्यक्ष डॉ. एस.के. शर्मा, संरक्षक ए.सी. गुप्ता, उपाध्यक्ष पंकज बंसल, अनिल अग्रवाल, संजय गुप्ता, विनय जिंदल, धीरज जैन, संजीव गुप्ता, मुकेश कुमार, नौशाद सैफी, सुषमा सिंह, रिदम गुप्ता, सोनू सिंह जॉन्टी, खेलो इंडिया प्रशिक्षक रुपेश कुमार, अमन झा तथा वंश जैन ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता में शनिवार को कैडेट आयुवर्ग के मुकाबले खेले जा रहे हैं।
0 टिप्पणियाँ