सहारनपुर की गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे को कमजोर नहीं होने दिया जाएगा।-सांसद इमरान मसूद
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-जिला कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को लेकर चल रहे विवाद पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने शनिवार को अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मस्जिद का मामला पूरी तरह राजनीतिक षड्यंत्र का हिस्सा है और इसके माध्यम से शहर के सांप्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।
इमरान मसूद ने कहा कि संबंधित मस्जिद के वर्ष 1911 से अब तक के अभिलेख, नगर निगम के रिकॉर्ड तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हैं। इतने वर्षों में कभी भी मस्जिद की वैधता पर सवाल नहीं उठाया गया, लेकिन अब एक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर पूरे मामले को तूल दिया जा रहा है, जबकि शिकायत का कोई ठोस आधार नहीं है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था का तर्क भी निराधार है। वर्षों से मस्जिद और जिला कलेक्ट्रेट साथ-साथ मौजूद हैं तथा आज तक वहां किसी प्रकार की कानून-व्यवस्था संबंधी समस्या उत्पन्न नहीं हुई। लोग मस्जिद में केवल इबादत के लिए आते हैं।सांसद ने कहा कि मस्जिद कमेटी न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी और कांग्रेस पार्टी इस कानूनी लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मंदिर हो या मस्जिद, हर मामले में न्याय और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि प्रशासन मस्जिद के खिलाफ कार्रवाई करता है तो समान नियम अन्य धार्मिक स्थलों पर भी लागू होने चाहिए। ऐसी स्थिति में मंदिर के पक्ष में भी वह आवाज उठाएंगे। इमरान मसूद ने सवाल उठाया कि क्या अब लोगों को मस्जिद में नमाज अदा करने के लिए भी अनुमति लेनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि मस्जिद से जुड़े लोगों के पास सभी आवश्यक दस्तावेज मौजूद हैं और वे जिला न्यायालय से लेकर उच्च न्यायालय तक कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मंदिर-मस्जिद की राजनीति कर प्रदेश का माहौल खराब करना चाहती है, लेकिन सहारनपुर की गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे को कमजोर नहीं होने दिया जाएगा। कांवड़ यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हिंदू और मुस्लिम समाज मिलकर कांवड़ियों की सेवा करेंगे। उन्होंने मुस्लिम समाज से भी कांवड़ यात्रा के दौरान सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और शहर में आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
0 टिप्पणियाँ