जनसहभागिता से ही एक स्वस्थ,सुरक्षित एवं नशा-मुक्त समाज का निर्माण संभव
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम ने किया विभिन्न मेडिकल स्टोर्रस का निरीक्षण
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
देहरादून-उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण,नैनीताल एवं जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,देहरादून हरीश कुमार गोयल के निर्देशों के अनुपालन में तथा जनहित एवं आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए 20जुलाई को सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,देहरादून श्रीमती सीमा डुंगराकोटी द्वारा ड्रग विभाग के साथ सहसपुर, बड़ा-रामपुर,छोटा-रामपुर,झाझरा,सुद्धोवाला,देहरादून के विभिन्न मेडिकल स्टोर्स का संयुक्त औचक निरीक्षण किया गया,जिसमें मानेन्द्र सिंह राणा,वरिष्ठ औषधि निरीक्षक ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन,विनोद जगूड़ी,औषधि निरीक्षक ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन,जनपद देहरादून शामिल रहे।निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर्स में औषधियों के रखरखाव,अभिलेखों के संधारण,औषधियों के क्रय-विक्रय संबंधी नियमों तथा अन्य वैधानिक प्रावधानों सहित स्टोर्स के लाइसेंस,फार्मासिस्ट रिकॉर्ड,एक्सपायरी दवाइयाँ तथा उनके निपटारे की प्रक्रिया,सीसीटीवी संचालन आदि की विस्तृत जाँच की गयी तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये गये।’बालाजी मेडिकोज,सभावाला ,सहसपुर,देहरादून स्टोर में एक पुरुष कर्मचारी उपस्थित पाया गया।फार्मासिस्ट और स्टोर का मालिक अनुपस्थित पाये गये।कर्मचारी द्वारा फोन करने पर स्टोर फार्मासिस्ट को बुलाया गया। फ्रिज अत्यंत पुराना व खराब अवस्था में पाया गया,जिसमें मौजूद अधिकांश दवाइयाँ एक्सपायरी मिलीं,कार्यवाही करते हुए निरीक्षण टीम द्वारा सभी दवाइयों को जब्त किया गया।रैक में अत्यधिक गंदगी और धूल पायी गयी।उक्त स्टोर में अत्यधिक अनियमितताओं के मद्देनजर निरीक्षण टीम द्वारा स्टोर को तत्काल बंद कराया गया तथा स्टोर में दवाइयों के क्रय-विक्रय पर रोक लगायी गयी तथा कार्यालय खाद्य एवं औषधि प्रशासन में स्पष्टीकरण का जवाब देने के निर्देश दिये गये।कड़ी चेतावनी दी गयी कि यदि स्टोर चालक द्वारा उक्त अनियमितताओं का संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया गया,तो स्टोर का लाइसेंस निरस्त करने की कार्यवाही की जायेगी।पर्व मेडिकल स्टोर,सभावाला,सहसपुर,देहरादून स्टोर में निरीक्षण के दौरान फार्मासिस्ट और स्टोर का मालिक उपस्थित मिले।एक्सपायरी दवाइयों का रख-रखाव अव्यवस्थित पाया गया।निरीक्षण टीम को बताया गया कि तीन माह की एक्सपायरी दवाइयाँ ही रखी हुई हैं,किन्तु निरीक्षण पर रैक से भी छःमाह पूर्व की एक्सपायरी दवाइयाँ प्राप्त हुईं। एक्सपायरी दवाइयों के निपटारे की प्रक्रिया के सम्बन्ध में पूछताछ की गयी,किन्तु किसी के भी द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। मेडिकल स्टोर में कुल 02सीसीटीवी कैमरे हैं तथा फ्रिज चालू अवस्था में मिला। नारकोटिक्स बिल नहीं दिखाये गये,विशेषकर दवाई के क्रय-विक्रय का बिल भी निरीक्षण टीम को मौके पर नहीं दिखाया गया।उक्त स्टोर में अत्यधिक अनियमितताओं के मद्देनजर,निरीक्षण टीम द्वारा स्टोर को तत्काल बंद कराते हुए स्टोर में दवाइयों के क्रय-विक्रय पर रोक लगायी गयी।जनता मेडिकल स्टोर,छोटारामपुर,सहसपुर, स्टोर में निरीक्षण के दौरान अत्यधिक अनियमितताओं के मद्देनजर,निरीक्षण टीम द्वारा स्टोर को तत्काल बंद कराया गया तथा स्टोर में दवाइयों के क्रय-विक्रय पर रोक लगायी गयी।’हेल्थ केयर फार्मेसी,सुद्धोवाला,सहसपुर,देहरादून निरीक्षण के दौरान अत्यधिक अनियमितताओं के मद्देनजर,निरीक्षण टीम द्वारा स्टोर को तत्काल बंद कराया गया तथा स्टोर में दवाइयों के क्रय-विक्रय पर रोक लगायी गयी।कार्यालय खाद्य एवं औषधि प्रशासन में स्पष्टीकरण का जवाब देने के निर्देश दिये गये।निरीक्षण में यह भी पाया गया कि सभावाला, छोटा- रामपुर,बड़ा-रामपुर,सुद्धोवाला,सहसपुर क्षेत्र के कई अन्य मेडिकल स्टोरों ने निरीक्षण की जानकारी होते ही अपने-अपने मेडिकल स्टोर बंद करने से उनकी कार्यप्रणाली एवं विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न उत्पन्न होता है।’सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,देहरादून श्रीमती सीमा डुँगराकोटी ने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य एवं जीवन से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है।औषधियों के विक्रय से जुड़े सभी प्रतिष्ठानों को विधि के अनुरूप कार्य करना अनिवार्य है।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,देहरादून आमजन से भी अपील करता है कि यदि किसी मेडिकल स्टोर पर बिना चिकित्सकीय पर्चे के प्रतिबंधित औषधियों का विक्रय,एक्सपायरी दवाइयों का उपयोग अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता की जानकारी प्राप्त हो,तो उसकी सूचना संबंधित विभाग अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,देहरादून को दें। जनसहभागिता से ही एक स्वस्थ,सुरक्षित एवं नशा-मुक्त समाज का निर्माण संभव है।

0 टिप्पणियाँ