छड़ी भगतों के विषय बोर्ड बैठक में सकारात्मकता के साथ रखे जायेंगे-महापौर
मानकमऊ का नाम बदलने तथा छड़ी भगतों के नाम पोर्टल पर दर्ज कराने की मांग
श्री शिव गोरक्ष जाहरवीर सेवा समिति ने महापौर को दिया ज्ञापन
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर- श्री शिव गोरक्ष जाहरवीर सेवा समिति के अध्यक्ष विनोद प्रकाश कश्यप ( स्वामी सरदार छड़ी व नेजा) तथा संस्थापक पंकज उपाध्याय के नेतृत्व में श्रीगोगा महाड़ी की छड़ियों के भगतों ने महापौर डॉ. अजय कुमार को ज्ञापन देकर ग्राम मानकमऊ का नाम बदलकर ‘‘ ग्राम श्री गोगा महाड़ी’’ करने तथा सभी 26 छड़ियों के मान्यता प्राप्त भगतों के नाम उनकी पहचान एवं परंपरा के उचित सम्मान हेतु अधिकारिक रुप से एक पोर्टल पर दर्ज करने की मांग की। इसके अतिरिक्त महाड़ी स्थल के दोनों ओर मुख्य मार्ग पर दो गेट बनवाने की मांग भी छड़ियों के भगतों ने की।
छड़ियों के भगतों द्वारा महापौर को दिये ज्ञापन में कहा गया है कि महाड़ी आस्था का केंद्र है अतः इसकी शुचिता, पवित्रता एवं स्वच्छता बनाये रखने के लिए व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सरोवर (स्वच्छ कुण्ड) का मुख्य प्रवेश द्वार श्रद्धालुओं के लिए खोला जाए तथा सरोवर पर प्रत्येक सप्ताह रविवार के दिन नियमित रुप से आरती आयोजित की जाए जिससे धार्मिक परंपराओं का निर्वहन हो सके। समिति ने श्री गोगा महाड़ी परिसर में स्वच्छ व सुंदर सरोवर के निर्माण के लिए नगर निगम और प्रदेश सरकार की सराहना करते हुए इसी प्रकार स्वच्छता व रखरखाव को निरंतर बनाये रखने की भी मांग की।महापौर ने समिति की मांग से सहमति जताते हुए कहा कि सरोवर की शुचिता, पवित्रता और स्वच्छता का पूरी तरह ध्यान रखा जायेगा। उन्होंने गेट बनवाने तथा भगतों के नाम पोर्टल पर दर्ज कराने की मांग को भी गंभीरता से लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धर्म को पर्यटन स्थल से जोड़ने पर जोर दिया है। चंूकि जहां एक ओर धर्म और आस्था का विषय है वहीं पर्यटन को भी बढ़ावा मिले, यह भी कोशिश है ताकि इससे बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिल सके। उन्होंने भरोसा दिया कि नगर निगम बोर्ड की बैठक में वे भगतों की मांग को सकारात्मक भाव के साथ रखेंगे। ज्ञापन देने वालों में महेश रजवाल, पवन सैनी, दीपक उपाध्याय, सुभाष, सुशील, रामचंद्र, रिंकू तोमर, भगवत गिरि व सोम कुमार आदि शामिल रहे।
0 टिप्पणियाँ