प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा संकल्प अभियान के विभिन्न सेवा कार्यक्रमों का शुभारंभ करेंगे प्रदेश महामंत्री एवं पश्चिम क्षेत्र प्रभारी राम प्रताप सिंह चौहान
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘जन सेवा ही प्रभु सेवा’ अभियान, कार्यकर्ताओं को मिलेगा वरिष्ठ नेतृत्व का मार्गदर्शन
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के शुभ अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक भारतीय जनता पार्टी द्वारा “सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा ही प्रभु सेवा” के रूप में विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं पश्चिम क्षेत्र प्रभारी श्री राम प्रताप सिंह चौहान सहारनपुर पहुंचकर सेवा संकल्प अभियान के विभिन्न सेवा कार्यक्रमों का शुभारंभ करेंगे। वे विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता करते हुए पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे तथा उन्हें जनसेवा के कार्यों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए अपना मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। अभियान के अंतर्गत “आशीर्वाद का दिया”, “मेरे सपनों का भारत” चित्र सेवा, “नमो सेवा—अनकही कहानियां”, “आंगन मिलन सेवा”, “सेवा की कहानी”, “25 साल—25 कहानी”, “सेवा ज्योति कलश यात्रा—विकसित भारत का संकल्प”, “वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा”, “सेवा मेरा योगदान”, “सेवा सेतु अभियान”, “सेवा के रंग—राष्ट्र के संग”, “सेवा फर्स्ट—इनोवेशन चैलेंज” तथा “सुशासन सेवा संवाद” सहित विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।इन कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा कार्यों को संगठन तक सीमित न रखते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। महानगर के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों, मोर्चों, प्रकोष्ठों, पार्षदों तथा बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को विभिन्न कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।नगर विधायक श्री राजीव गुंबर एवं महापौर श्री अजय कुमार सिंह ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के शुभ अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा, सहयोग और जनकल्याण का संदेश पहुंचाने का माध्यम बनेगा। भाजपा के लिए सेवा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संगठन की कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा है।उन्होंने कहा कि प्रदेश महामंत्री एवं पश्चिम क्षेत्र प्रभारी श्री राम प्रताप सिंह चौहान के सहारनपुर आगमन और विभिन्न सेवा कार्यक्रमों में सहभागिता से कार्यकर्ताओं को वरिष्ठ नेतृत्व का मार्गदर्शन एवं नई ऊर्जा प्राप्त होगी। महानगर के सभी जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मिलकर अभियान को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देंगे।
17 अक्टूबर को भगवान विश्वकर्मा जयंती पर विशेष सेवा कार्यक्रम
17 अक्टूबर को भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महानगर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भगवान विश्वकर्मा जी के मंदिरों में स्वच्छता अभियान, पुष्पांजलि, हवन-यज्ञ एवं भजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भगवान विश्वकर्मा जी को श्रम, सृजन, निर्माण और कौशल का प्रतीक मानते हुए इन कार्यक्रमों के माध्यम से श्रमिकों, कारीगरों एवं समाज के विभिन्न वर्गों के प्रति सम्मान और सेवा का संदेश दिया जाएगा।भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री शीतल विश्नोई ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे “जन सेवा ही प्रभु सेवा” के भाव के साथ सेवा संकल्प अभियान के सभी कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।
0 टिप्पणियाँ