भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के डॉ. महेंद्र सैनी बने प्रदेश उपाध्यक्ष, सहारनपुर पहुंचने पर विभिन्न स्थानों पर हुआ स्वागत
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-भाजपा के उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने पर डॉ. महेंद्र सिंह सैनी का रविवार को दिल्ली रोड स्थित निमंत्रण बैंक्वेट हॉल में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। सैनी समाज की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह सहित भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों ने उनका स्वागत किया।
समारोह में आगामी विधानसभा चुनाव-2027 के मद्देनजर संगठन की मजबूती और पिछड़ा वर्ग की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। डॉ. महेंद्र सिंह सैनी के सहारनपुर पहुंचने पर विभिन्न स्थानों पर समर्थकों ने उनका स्वागत किया। निमंत्रण बैंक्वेट हॉल में पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर हुआ। वक्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। डॉ. महेंद्र सिंह सैनी ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। पिछड़े वर्ग के लोगों को संगठन से जोड़ने और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी की नीतियों का प्रचार करने का आह्वान किया। राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने कहा कि चुनाव में संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की मेहनत महत्वपूर्ण होती है। भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर सरकार के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि जनता को राजनीतिक दलों के वादों के साथ उनके कामकाज और पुराने रिकॉर्ड के आधार पर निर्णय लेना चाहिए। समारोह में पूर्व मंत्री धर्म सिंह सैनी, गंगोह विधायक कीरत सिंह, रामपुर मनिहारान विधायक देवेंद्र निम, भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई, जिला महामंत्री पवन सवई और जिला उपाध्यक्ष विजेंद्र चौधरी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ