महापौर अजय कुमार ने पांवधोई रिवर फ्रंट बनाने पर दिया जोर
- छठे राज्य वित्त आयोग की बैठक में बाढ़ से बचाव, सौर ऊर्जा और ग्रीन एनर्जी पर भी रखे विचार
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-महापौर डॉ. अजय कुमार ने छठे राज्य वित्त आयोग की बैठक में उत्तर प्रदेश के महापौर मंच से सहारनपुर की पांवधोई नदी का रिवर फ्रंट बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया और बाढ़ से बचाव के उपायों तथा उनके लिए कैसे धन उपलब्ध कराया जाए पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने इसके अलावा शुद्ध वायु, सौर ऊर्जा, ग्रीन एनर्जी और हरित पट्टी के विकास तथा उसके लिए धन की उपलब्धता पर भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
अपर मुख्य सचिव वित्त दीपक कुमार की अध्यक्षता में लखनऊ में आयोजित छठे राज्य वित्त आयोग की बैठक में ‘लिसनिंग टू सिटीज़ सॉल्विंग अर्बन चैलेंज’ (शहरों को सुनना, शहरी चुनौतियों का समाधान) विषय पर बोलते हुए महापौर ने कहा कि सहारनपुर की पांवधोई नदी सहारनपुर की लाइफ लाइन है, उसका रिवर फ्रंट बनने से न केवल नदी का सौंदर्यीकरण होगा बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जनसुविधाओं के साथ शहर का भी विकास होगा। पानी के प्रबंधन पर भी उन्होंने महत्वपूर्ण सुझाव रखे। मुख्य अतिथि के रुप में प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने नगर निकायों की वित्तीय आवश्यकताओं, शहरी विकास की चुनौतियों तथा नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक संसाधनों और व्यवस्थाओं पर मार्गदर्शन दिया। बैठक में विभिन्न निगमों के महापौर, छठे राज्य वित्त आयोग के सदस्य आलोक दीक्षित व नील रतन आदि के अलावा अधिकारीगण शामिल रहे।

0 टिप्पणियाँ