ग्लोकल विश्वविद्यालय में ‘मिशन शक्ति 6.0’ के अंतर्गत पोस्टर प्रतियोगिता एवं जागरूकता रैली आयोजित
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-ग्लोकल विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना ‘मिशन शक्ति 6.0’ के अंतर्गत ‘विकसित भारत @ 2047 में महिलाओं की भूमिका’ विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सशक्तीकरण, लैंगिक समानता, सामाजिक जागरूकता तथा राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की महत्त्वपूर्ण भूमिका के प्रति छात्र-छात्राओं को जागरूक करना था।पोस्टर प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। उन्होंने अपने पोस्टरों के माध्यम से वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में महिलाओं के योगदान, उनकी उपलब्धियों, समान अवसरों, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सशक्तीकरण की आवश्यकता को रचनात्मक एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रो. डॉ. मज़हर अफ़ज़ल, डॉ. रेशमा ताहिर एवं सुश्री रीना कुमारी शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की रचनात्मकता, विषय की समझ, विचारों की मौलिकता तथा पोस्टरों की प्रभावशीलता के आधार पर मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में अदीबा (यूनानी कॉलेज) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आरती शर्मा (मैनेजमेंट स्कूल) द्वितीय स्थान पर रहीं। तृतीय स्थान के लिए सूफिया खान (मैनेजमेंट स्कूल), मारिया सदफ़ एवं इंशा को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के अंतर्गत महिला सशक्तीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विश्वविधालय परिसर में एक पैदल रैली भी निकाली गई, जिसका उद्घाटन कुलसचिव प्रो. शिवानी तिवारी ने किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की समान भागीदारी, शिक्षा, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करना केवल महिलाओं की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि पुरुषों और महिलाओं को मिलकर इस दिशा में प्रयास करना होगा। समाज में समानता और सहयोग की भावना के माध्यम से ही राष्ट्र का समग्र विकास संभव है।रैली का संयोजन डॉ. सूबिया एवं सुश्री शहनाज ने किया। इसके संचालन में स्टूडेंट कोऑर्डिनेटर इरफ़ान अली, कृतिका दुबे एवं मारिया सदफ़ की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के सफल आयोजन में फैकल्टी कोऑर्डिनेटर सुश्री अंकिता गर्ग तथा स्टूडेंट कोऑर्डिनेटर राधिका एवं नायशा का भी विशेष योगदान रहा।इस अवसर पर रा.से.यो. के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बिलाल अहमद, स्कूल ऑफ वोकेशनल स्टडी की डीन डॉ. रेशमा ताहिर, डॉ. असगर, सुश्री रीना कुमारी, डॉ. सलमान सहित विभिन्न विभागों के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


0 टिप्पणियाँ