नगर निगम में प्रगणक एवं सुपरवाइजरों को वितरित की गयी किट
-16 नवंबर से शुरु होगा जनगणना का दूसरा चरण
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-जनगणना-2027 के दूसरे चरण के लिए आज प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को नगर निगम के गैराज परिसर में किट वितरित की गई। किट वितरण का कार्य कल बुधवार को भी जारी रहेगा। गत 26, 27 व 28 अक्तूबर को प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रगणकों व सुपरवाइजरों को आज किट वितरित की गई, आगामी 12, 13 व 14 नवंबर को प्रशिक्षण लेने वाले प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को कल बुधवार को किट वितरित की जायेगी। नगर जनगणना अधिकारी/अपर नगरायुक्त मृत्युंजय ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को वितरित की जा रही किट में नियुक्ति पत्र, एचएलबी मैप (हाउस लिस्टिंग ब्लॉक मैप), एएचएल सूची (संक्षिप्त भवन सूची), आईडी कार्ड के अलावा 40 प्रश्नों वाला प्रोफार्मा शामिल है। उन्होंने बताया कि 16 नवंबर से जनगणना का दूसरा चरण शुरु होगा। 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना तथा 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक भौतिक सत्यापन किया जायेगा। स्वगणना में आम नागरिक पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी व अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे।नगर जनगणना अधिकारी ने प्रगणकों से कहा कि वे अपने-अपने आवंटित ब्लॉक में नागरिकों को 16 से 30 नवंबर के मध्य डिजिटल स्वगणना का उपयोग करने हेतु प्रेरित व जागरुक करें। यदि नागरिक स्वगणना का विकल्प चुनते हैं तो एक दिसंबर से प्रारंभ होने वाले भौतिक सत्यापन में घर-घर जाकर सत्यापन करें।

0 टिप्पणियाँ