फुटबॉल खेल में कृष्णा, चंदन, चेतन, अंकित व परवेश ने लहराया परचम
रिपोर्ट मनोज कश्यप
सहारनपुर- सहारनपुर के फुटबॉल खिलाड़ी कृष्णा सिंह, चंदन शर्मा, चेतन शर्मा, अंकित कुमार राठौर व परवेश कुमार अपने खेल का परचम लहरा कर अपनी खेल उपलब्धियों मे इजाफा कर रहे है। खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर सहारनपुर फुटबॉल एसोसिएशन के पदाधिकारियो ने शुभकामनाएं देकर उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सहारनपुर फुटबॉल एसोसिएशन के संयुक्त सचिव और अन्तररराष्ट्रीय फुटबॉलर समीर खान ने जानकारी देते हुए बताया कि फुटबॉल खिलाड़ी कृष्णा सिंह का चंडीगढ़ फुटबॉल अकादमी (सीएफए), सेक्टर 42 में अंडर-12 स्तर पर चयन, सहारनपुर फुटबॉल के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो 2002 में समीर खान के चयन के बाद पहली ऐसी उपलब्धि है। इस उपलब्धि ने सहारनपुर फुटबॉल एसोसिएशन के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों में खुशी और गर्व की लहर पैदा कर दी है। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर समीर खान ने बताया कि फुटबॉल खेल मे ही चंदन शर्मा और चेतन शर्मा दोनों सहारनपुर के निवासी है और सगे भाई है। दोनो को अंडर-16 श्रेणी में एआईएफएफ-एफआईएफए टैलेंट अकादमी प्रतियोगिता के लिए चुना गया है। ये दोनो सगे भाई सहारनपुर फुटबॉल एसोसिएशन के संयुक्त सचिव और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर समीर खान से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं, और उन्होंने हमेशा उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। अंडर-14 के टूर्नामेंट्स में इन्हें सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार मिला है। उनकी मेहनत और लगन ने उन्हें इस प्रतिष्ठित मंच तक पहुंचाया है, जहां वे अपनी प्रतिभा का जादू दिखाएंगे।सहारनपुर के फुटबॉलर खिलाड़ी अंकित कुमार राठौर और परवेश कुमार दोनों खिलाड़ी स्वामी विवेकानंद नेशनल चैम्पियनशिप के लिए उत्तर प्रदेश अंडर-20 टीम के 15 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के लिए चुने गए हैं। यह जानकारी देते हुए सहारनपुर फुटबॉल एसोसिएशन के संयुक्त सचिव और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर समीर खान ने बताया कि यह 13 साल बाद पहली बार है जब सहारनपुर के खिलाड़ियों का इस शिविर के लिए चयन हुआ है। अंकित पुत्र राजेश कुमार, जलालपुर गांव, ढकदेई से हैं, जबकि परवेश पुत्र अमर पाल सिंह देवबंद से हैं और रोजाना अभ्यास के लिए सहारनपुर आते हैं। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर समीर खान ने बताया कि उनका चयन उनकी कड़ी मेहनत और लगन का परिणाम है। सहारनपुर के उभरते फुटबॉल खिलाड़ी कृष्णा सिंह, चंदन शर्मा, चेतन शर्मा, अंकित कुमार राठौर, परवेश कुमार को उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ (यूपीएफएस) के उपाध्यक्ष व सहारनपुर फुटबॉल एसोसिएशन अध्यक्ष मोहम्मद तय्यब, सहारनपुर फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव मोहम्मद सलीम, वरिष्ठ खिलाड़ी आशुतोष सिंह, नितिन, मोहम्मद अकरम, जाकिर, मोहम्मद अली खान मनीष आदि ने शुभकामनाएं देकर उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
0 टिप्पणियाँ