ढमोला नदी ही नहीं किनारों की भी होगी सफाई
-अपर नगरायुक्त ने किया रोस्टर जारी, 05 जून से चलेगा अभियान
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर- बरसात में जलभराव की समस्या से बचाव के लिए जहां नगर निगम अपनी जेसीबी मशीनों से ढमोला नदी की सफाई करा रहा है वहीं दूसरी ओर पांवधोई व ढमोला नदी के किनारों को भी साफ रखने के लिए सफाई निरीक्षकों को अलग से जिम्मेदारी दी गयी है। अपर नगरायुक्त द्वितीय मृत्युंजय ने आज ढमोला नदी के किनारों का निरीक्षण किया।
उन्होंने पांवधोई व ढमोला में कूड़ा-कचरा फेंकने वाले लोगों को चिह्नित कर चालान करने के निर्देश दिए है। उन्होंने ढमोला नदी के किनारों की सफाई का अभियान चलाने के लिए आज रोस्टर भी जारी किया।अपर नगरायुक्त द्वितीय मृत्युंजय ने नगर निगम द्वारा जेसीबी से करायी जा रही ढमोला सफाई का निरीक्षण किया। उन्होंने लोगों को नदियों को प्रदूषित न करने के लिए जागरुक करने पर जोर दिया। अपर नगरायुक्त ने निगम के स्वास्थय विभाग के अधिकारियों को उक्त क्षेत्रों में कूड़ा कचरा एकत्रित करने वालों को और अधिक सक्रिय कर डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन शत-प्रतिशत कराने को कहा। अपर नगरायुक्त द्वारा जारी रोस्टर के अनुसार 05 जून से 13 जून तक ढमोला के किनारों का सफाई अभियान शुरु किया जायेगा। 05 जून को विश्वकर्मा चौक ढमोला पुल से कपिल विहार हकीकत नगर होते हुए टैगोर गॉर्डन साकेत कॉलोनी तक, 06 जून को गोपाल नगर/केशव नगर ढमोला पुल, 07 जून को विनोद विहार चांदमारी कॉलोनी, 08जून को पिंजौरा पाइप वाला पुल, 09 जूून को विश्वकर्मा चौक पुल से ब्रजेश नगर गिल कॉलोनी होते हुए रेलवे लाइन पुल, 10 जून को चमन पैलेस वाले पुल के पास तथा 13 जून को सपना टाकिज पुराने पुल से पांवधोई नदी के पास बने नये पुल तक सफाई अभियान चलाया जायेगा। निरीक्षण के दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक इंद्रपाल तथा पार्षद अमित त्यागी भी मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ