नगरायुक्त गाजियाबाद को सहारनपुर खींच लाये कान्हा गौशाला के उत्पाद
गाजियाबाद निगम अफसरों की टीम भी पहुंची कान्हा उपवन गौशाला
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर- नगर निगम द्वारा संचालित मां शाकंभरी कान्हा उपवन गौशाला के उत्पादों का जादू आम लोगों पर ही नहीं देश-प्रदेश के दूसरों नगर निगमों के सर भी चढ़ कर बोल रहा है। कान्हा गौशाला के उत्पादों की देशभर में मची धूम का ही परिणाम रहा कि आज नगर निगम गाजियाबाद के नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक खुद अपने अफसरों की टीम के साथ कान्हा उपवन गौशाला पहुंचे और निगम के पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्र से गोमय उत्पादों की बारीकी से जानकारी लेते हुए उनके बनने की प्रक्रिया देखी।
उल्लेखनीय है कि नगर निगम की कान्हा उपवन गौशाला में प्राकृतिक गोबर पेंट, गोनाइल दिए, बंदनवार, राखी, वर्मी कम्पोस्ट, मूर्तिया व कलाकृतियां, धूप बत्ती, हवनकप, बायोगैस और जैविक खाद सहित 26 उत्पाद तैयार किये जा रहे हैं जो आईएसओ प्रमाणित हैं। जिनके लिए कान्हा गौशाला विश्व रिकॉर्ड से सम्मानित हो चुकी है। इसके अलावा निगम गौशाला को स्मार्ट इण्डिया एक्सपो में भी पूरे देश में गोबर पेंट के लिए प्रथम पुरस्कार प्राप्त हो चुका है। गौशाला के उत्पाद देश के नौ राज्यों में ऑन लाइन विक्रय किये जा रहे हैं। नगर निगम गाजियाबाद के नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक भी कान्हा उपवन गौशाला सहारनपुर की उपलब्धियां सुनकर अपने आप को रोक नहीं पाये और अपने चीफ इंजीनियर निर्माण एन के चौधरी, उपमुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह सहित गाजियाबाद निगम के अफसरों को साथ लेकर निगम की कान्हा गौशाला पहुंचे और गोबर गैस संयंत्र, गोबर पेंट यूनिट, गोनाइल यूनिट, वर्मी कम्पोस्ट यूनिट व गोबर से निर्मित की जा रही कलाकृतियां देखी और हर्ष व्यक्त करते हुए उनके सम्बंध में निगम के पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्र से विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने गोबर पेंट व गैस संयंत्र को गाजियाबाद नगर निगम गौशाला में स्थापित करने की संभावनाओं पर अपने अधिकारियों के साथ विचार विमर्श किया।
0 टिप्पणियाँ