मिशन शक्ति एवं सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत समस्त विकासखंडों में आयोजित हुए कार्यक्रम
महिलाओं को स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी विषयों पर किया गया जागरूक
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर- जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल के नेतृत्व में जनपद में मिशन शक्ति एवं सेवा पखवाड़ा के तहत चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन एवं आई सी आर पी समूह सखी द्वारा स्वच्छ नारी सशक्त परिवार अभियान एवं पोषण अभियान कार्यक्रम आयोजित कराए गये। जनपद के समस्त विकास खंड की ग्राम पंचायतों के सामुदायिक भवन/ सार्वजनिक स्थानों पर मिशन शक्ति एवं सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। गाँव की सक्रिय सहयोगी महिलाओं की मदद से जानकारी साझा कर उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सम्बंधित ब्लॉक के ब्लॉक मिशन मैनेजरों ने की। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को कार्यक्रम के उद्देश्य और महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता के तहत महिलाओं को बताया गया कि वे अपने स्वास्थ्य पर पर्याप्त ध्यान नहीं देतीं और घरेलू कार्यों में व्यस्त रहने के कारण आसपास की स्वच्छता को भी नज़रअंदाज कर देती हैं। गंदगी और पानी के ठहराव से डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियाँ फैलती हैं। उदाहरण देकर बताया गया कि कूलर का पानी कई दिनों तक जमा रहने से मच्छर पनपते हैं और नालियों की सफाई न होने से बच्चे, बुजुर्ग और आम आदमी बीमारियों के शिकार होते हैं। महिलाओं से अपील की गई कि वे स्वयं भी स्वच्छता रखें और दूसरों को भी जागरूक करें। पोषण अभियान के तहत बताया गया कि ग्रामीण महिलाएँ अक्सर खेतों में मजदूरी, मनरेगा का काम और घरेलू कार्यों में व्यस्त रहती हैं, जिससे वे अपने भोजन व स्वास्थ्य की उपेक्षा करती हैं। असंतुलित भोजन (जैसे केवल आलू-चावल) के कारण शरीर में खून की कमी और कमजोरी हो जाती है। महिलाओं को बताया गया कि उनके भोजन में प्रोटीन, फाइबर और पोषणयुक्त खाद्य पदार्थ शामिल होने चाहिए। एक संतुलित थाली में दाल, चावल, हरी सब्ज़ियाँ, दही, सलाद, फल, अंडे व मछली जैसे खाद्य पदार्थ होना चाहिए। आई. सी. आर. पी ऍफ़. एन. एच.डब्लू ने महिलाओं को थाली का उदाहरण देकर पोषणयुक्त भोजन की जानकारी दी। महावारी स्वास्थ्य एवं पर्यावरण जागरूकता पर चर्चा करते हुए खराब कपडे के अधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों और पर्यावरण प्रदूषण की जानकारी दी गई। गाँव की कुछ महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए और सेनेटारी पेड के उपयोग के फायदे बताए।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित महिलाओं ने संकल्प लिया कि वे अपने भोजन और पोषण पर ध्यान देंगी। अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देंगी। अपने घर व आसपास की सफाई रखकर परिवार को बीमारियों से बचाएँगी और महावारी स्वच्छता के प्रति जागरूक रहेंगी। जनपद सहारनपुर के विकास खंडो में कुल 11 स्थानों पर उक्त कार्यक्रम आयोजित किये गए जिसमे 375 महिलाओं 63 पुरुष एवं 70 बच्चो को मिला कर कुल 508 लोगो ने प्रतिभाग किया।
0 टिप्पणियाँ