Ticker

6/recent/ticker-posts

ग्लोकल विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना के द्वारा किया गया एक दिवसीय नशा उन्मूलन कैंप का आयोजन

ग्लोकल विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना के द्वारा किया गया एक दिवसीय नशा उन्मूलन कैंप का आयोजन 

रिपोर्ट अमान उल्ला खान

सहारनपुर-ग्लोकल विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई एक और दो का एक दिवसीय कैंप प्रोफेसर शोभा त्रिपाठी और डॉ. संजीव नांदल के संयोजन में मिर्जापुर में लगाया गया। इस कैंप के मुख्य अतिथि मिर्जापुर के प्रधान श्री तैयब रहे। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि थाना मिर्जापुर पोल की महिला उपनिरीक्षक दीक्षा कुमारी तथा समाजसेवी चौधरी शाबान रहे। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पैरामेडिकल विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर मिस हिमानी नौडियाल ने सहभागिता की । सर्वप्रथम छात्रों ने नशा उन्मूलन हेतु अभियान चलाते हुए मिर्जापुर पोल के जन सामान्य को एकत्रित किया। इसके उपरांत उन्होंने इस विषय पर गीत गाया। 

मुख्य वक्ता के रूप में मिस हिमानी ने बोलते हुए कहा कि नशा उन्मूलन आज के समय की सबसे बड़ी सामाजिक आवश्यकता है। नशा केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नष्ट नहीं करता, बल्कि उसके परिवार और समाज को भी गहरे संकट में डाल देता है। शराब, सिगरेट, तंबाकू और नशीले पदार्थ धीरे-धीरे जीवन को खोखला बना देते हैं और युवा पीढ़ी को गलत राह पर ले जाते हैं। नशा उन्मूलन के लिए जागरूकता अभियान, शिक्षा और कड़े कानून आवश्यक हैं। परिवार और विद्यालय स्तर पर बच्चों को सही संस्कार और मार्गदर्शन देकर इस बुराई से दूर रखा जा सकता है। हमें यह संकल्प लेना होगा कि हम स्वयं नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे, तभी एक स्वस्थ, सशक्त और प्रगतिशील समाज का निर्माण संभव है। विशिष्ट अतिथि उपनिरीक्षक दीक्षा कुमारी ने कहा कि कानून इस विषय में सख्त है और लोगों से अपील की कि अगर आपके अड़ोस पड़ोस में भी कोई नशा कर रहा है तो आप उसकी सूचना कानून को दें आपका नाम गुप्त रखा जाएगा। चौधरी शाबान ने कहा कि कानून को इस मामले में सख्त होना पड़ेगा साथ ही हमें भी जागरूक होना पड़ेगा। ग्राम प्रधान श्री तैयब ने कहा कि हमारा क्षेत्र नशा मुक्त हो यही हमारी कामना है यही हमारी शपथ है। अंत में प्रोफेसर डॉ. शोभा त्रिपाठी ने बोलते हुए कहा कि हमारे अंग बहुमूल्य हैं नशा धीरे-धीरे करके हमारे हर एक अंग को खराब कर देता है और हम एक ख्याली दुनिया के लिए अपनी वास्तविक दुनिया के निर्माण को छोड़ देते हैं। इसके उपरांत छात्र मुदस्सिर पटेल ने नशा उन्मूलन पर एक स्वरचित कविता का पाठ किया। छात्र  अहकाम ने कहा कि मिर्जापुर पोल क्षेत्र को  नशा मुक्त बनाना हमारा उद्देश्य है। इसके उपरांत शमसुद्दीन, मुस्ताहब ,अनस, दानिश और असजद ने अपने विचार अभिव्यक्त किए।अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर संजीव नांदल ने सभी को धन्यवाद किया और  प्रतीक चिन्ह भेंट किया। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

मुख्यमंत्री ने लिया केन्द्रीय गृहमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा