सरसावा में श्री गुरु नानक देव जी का 556वां प्रकाश पर्व धूमधाम से मनाया गया
रिपोर्ट अंजू प्रताप
सरसावा- श्री गुरु नानक देव जी का 556वां प्रकाश पर्व गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर 11 दिनों से चल रही प्रभात फेरियों के भोग डाले गए तथा दो दिन पूर्व आरंभ हुए श्री अखंड पाठ साहिब का समापन श्रद्धा पूर्वक किया गया। गुरुद्वारा परिसर में सजाए गए कीर्तन दरबार में विभिन्न रागी जत्थों ने मनमोहक कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को गुरु नानक देव जी के उपदेशों का स्मरण कराया।
रविवार को सुबह अंबाला रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब में आयोजित कीर्तन दरबार में पौंटा साहिब से आए रागी सोहन सिंह ने अपने मधुर कीर्तन और विचारों से संगत को गुरु नानक देव के बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया। दोपहर बाद पंच प्यारों की अगुवाई में गुरुद्वारा साहिब से भव्य नगर कीर्तन निकाला गया, जो नगर के मुख्य मार्गों से होता हुआ सायं गुरुद्वारा साहिब पर संपन्न हुआ।नगर कीर्तन में सबसे आगे पांच घोड़ों पर सवार निहंग सिंह निशान साहिब लिए चल रहे थे। उनके पीछे गुरुनानक पब्लिक स्कूल व मदर टेरेसा पब्लिक स्कूल के सैकड़ों बच्चों ने सांस्कृतिक झांकियां प्रस्तुत कीं। सुंदर फूलों से सजी पालकी में विराजमान श्री गुरु ग्रंथ साहिब का दर्शन करते हुए श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। नगर कीर्तन के दौरान महिलाओं ने सड़कों पर सफाई कर गुरुभक्ति का परिचय दिया।मुख्य आकर्षण सहारनपुर से आए रणजीत अखाड़े का प्रदर्शन रहा, जिसमें युवाओं ने लाठी, भाले और तलवारों से पारंपरिक युद्धकला का शानदार प्रदर्शन किया। नगर कीर्तन के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा और जलपान की व्यवस्था कर संगत का स्वागत किया। गुरुद्वारा साहिब पहुंचने पर नगर कीर्तन का भव्य स्वागत आतिशबाजी के साथ किया गया। पूरा गुरुद्वारा साहिब रंग-बिरंगी रोशनियों से जगमगा उठा। कार्यक्रम में नगर सहित सहारनपुर, यमुनानगर और आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व की बधाई दी।
0 टिप्पणियाँ