नगर में श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया गया क्रिसमस पर्व चर्चों में विशेष प्रार्थना सभाए
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर- ईसाई समुदाय द्वारा आज क्रिसमस पर्व श्रद्धा, आस्था और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर के सभी चर्चों में विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया तथा प्रभु यीशु मसीह के प्रेम, मानवता और विश्व शांति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। क्रिसमस पर्व को लेकर नगर के चर्चों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। दिन चढ़ते ही श्रद्धालुओं का चर्चों में आगमन शुरू हो गया।
गिल कॉलोनी स्थित असेंबली ऑफ गॉड चर्च में प्रातः विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन पादरी राजन पिल्लै के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर पादरी राजन पिल्लै ने कहा कि प्रभु यीशु मसीह ने संपूर्ण मानवता को प्रेम, करुणा और सेवा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि क्रिसमस पर्व प्रभु यीशु मसीह के जन्मदिवस के रूप में मनाया जाता है, जब प्रभु मानव कल्याण के लिए पृथ्वी पर अवतरित हुए। प्रार्थना सभा के पश्चात केरल सॉन्ग गाए गए तथा विश्व शांति के लिए विशेष प्रार्थना की गई। इस अवसर पर मेयर डॉ. अजय सिंह, स्टेप रेचल एंजेल, अभिषेक, पादरी हेमंत, राहुल राज सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं बाजोरिया मार्ग स्थित सेंट थॉमस चर्च में पादरी रेव. संजय एबिल सिंह के नेतृत्व में प्रातःकाल विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। पादरी रेव. संजय एबिल सिंह ने कहा कि प्रभु यीशु मसीह ने मानव कल्याण के लिए इस धरती पर जन्म लिया और मानवता का अमर संदेश दिया। उन्होंने सभी से प्रभु द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर केरल सॉन्ग गाए गए तथा बच्चों ने नाटक के माध्यम से प्रभु यीशु मसीह के जीवन और संदेश को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में सांसद इमरान मसूद, प्रदेश के पूर्व राज्य मंत्री संजय गर्ग, पूर्व विधायक मसूद अख्तर, डॉ. रागिब अंजुम, अमित सेन, अरुण दानिश, अमित राजकुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा चर्च परिसर में प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रभु यीशु मसीह के जन्म एवं उनके जीवन से जुड़ी झांकियां प्रदर्शित की गईं। सुबह से ही दोनों चर्चों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और पूरे नगर में क्रिसमस पर्व का उल्लासपूर्ण माहौल देखने को मिला।

0 टिप्पणियाँ