Ticker

6/recent/ticker-posts

प्रेस क्लब ने किया हिंदी पत्रकारिता द्विशताब्दी समारोह का आयोजन

प्रेस क्लब ने किया हिंदी पत्रकारिता द्विशताब्दी समारोह का आयोजन

हिंदी पत्रकारिता सत्य,विवेक और मूल्यों के साथ सत्ता से प्रश्न पूछती है -राज्यपाल

रिपोर्ट श्रवण झा

हरिद्वार-प्रेस क्लब द्वारा हिंदी पत्रकारिता द्वि शताब्दी समारोह में आजादी के बाद राष्ट्र पुनः निर्माण में हिंदी पत्रकारिता विषय संगोष्ठी का आयोजन किया गया।देवपुरा चौक स्थित भारत सेवाश्रम के सभागार में आयोजित संगोष्ठी का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने दीप प्रज्वलित कर किया।प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी एवं महामंत्री दीपक मिश्रा ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह को बुके देकर स्वागत किया ।

इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार सुनील दत्त पांडे द्वारा राज्यपाल की उपलब्धियों एवं अनुकरणीय योगदान से अवगत कराया।मंच का संचालन वरिष्ठ पत्रकार संजय आर्य ने किया।सरस्वती शिशु मंदिर की छात्राओं ने राष्ट्रगान की प्रस्तुति दी।राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने हिंदी पत्रकारिता के ऐतिहासिक,सामाजिक और लोकतांत्रिक योगदान पर अपने विचार साझा किए।राज्यपाल ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता का 200वर्ष तक निरंतर सक्रिय रहना उसकी गहराई,प्रतिबद्धता और समर्पण का प्रतीक है।उन्होंने ‘उदन्त मार्तण्ड’ के प्रकाशन से आरंभ हुई हिंदी पत्रकारिता की यात्रा को राष्ट्र चेतना के जागरण का माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल संवाद की भाषा नहीं,बल्कि भारत की भावनाओं,संस्कृति और आत्मा की अभिव्यक्ति है।राज्यपाल ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता सत्य,विवेक और मूल्यों के साथ सत्ता से प्रश्न पूछती है और जनहित को केंद्र में रखती है,यही लोकतंत्र की वास्तविक चेतना है।उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल सत्ता परिवर्तन नहीं थी,बल्कि सभ्यता के पुनर्जागरण और नवभारत के निर्माण का संकल्प थी।इस संकल्प को आगे बढ़ाने में हिंदी पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।राज्यपाल ने कहा कि आज डिजिटल युग में मीडिया का स्वरूप तेजी से बदल रहा है,लेकिन पत्रकारिता का मूल धर्म अपरिवर्तित रहना चाहिए।उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता केवल घटनाओं की रिपोर्टिंग तक सीमित नहीं है,बल्कि यह समाज के वंचित वर्गों की आवाज,नारी सम्मान की संवाहक और सामाजिक सुधार की अग्रदूत रही है।हरिद्वार की आध्यात्मिक भूमि का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह नगर केवल तीर्थ नहीं, बल्कि भारत की चेतना का केंद्र है। वर्ष 2025 में हरिद्वार में आए करोड़ों पर्यटकों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पत्रकारों की यह जिम्मेदारी है कि वे अपनी लेखनी के माध्यम से करोड़ों लोगों तक सकारात्मक,राष्ट्रनिर्माण का संदेश पहुँचाएं।उन्होंने मीडिया से यह भी अनुरोध किया कि वह शहर की सफाई व्यवस्था हेतु जन जागरण का बीड़ा उठाए।राज्यपाल ने पत्रकारों से आग्रह किया कि वे जनहित,लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र पुनर्निर्माण के प्रति अपने दायित्व को संकल्प के रूप में स्वीकार करें और भारत को 2047 तक विकसित,आत्मनिर्भर और विश्व गुरु बनाने की दिशा में अपनी भूमिका निभाएं।उन्होंने पत्रकारों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए वेलफेयर सेंटर एवं प्रतियोगिताओं में पत्रकारों के बच्चों को शामिल किए जाने और उनकी सुरक्षा का प्रस्ताव रखते हुए प्रेस क्लब को तीन माह के अंदर ठोस प्रस्ताव देने के लिए कहा।प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रेस क्लब जन सरोकारों से जुड़ा हुआ है।हिंदी पत्रकारिता के 200वर्ष पूरे होने पर आयोजित किए जा रहे द्विशताब्दी समारोह का यह द्वितीय चरण है।पांच चरणों में हिंदी पत्रकारिता को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।उन्होंने राज्यपाल का कार्यक्रम में पहुंचने पर आभार जताया। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित निर्मल पाठक ने ‘‘आजादी के बाद राष्ट्र पुनःनिर्माण में हिन्दी पत्रकारिता’’ विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। वरिष्ठ पत्रकार कौशल सिखोला,आदेश त्यागी,गोपाल रावत,शिवशंकर जायसवाल,नरेश गुप्ता,हिमांशु द्विवेदी,शिवा अग्रवाल आदि ने गंगाजली एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर राज्यपाल का स्वागत किया।शिवा अग्रवाल एवं हिमांशु द्विवेदी ने अपनी लिखी पुस्तक राज्यपाल को भेंट की।अविक्षित रमन,रामचंद्र कनौजिया,राहुल वर्मा,रजनीकांत शुक्ला आदि ने शाल शॉल ओढ़ाकर मुख्य वक्ता निर्मल पाठक का स्वागत किया।इस दौरान महेश पारीख, सुभाष कपिल,गुलशन नैयर,काशीराम सैनी,रूपेश वालिया,मेहताब आलम,राव रियासत पुंडीर, मनोज खन्ना,राजेंद्र गोस्वामी,देवेंद्र शमार्,संदीप रावत,कुलभूषण शर्मा,रविंद्र सिंह,मनोज सिरोही ,सूर्यकांत बेलवाल,विकास झा,श्रवण झा,त्रिलोकचंद भट्ट, दयाशंकर वर्मा,सुदेश आर्य,प्रदीप गर्ग, गोपाल पटवार,लव शर्मा,पुष्पराज धीमान,अनिरुद्ध भाटी,डा.सुशील उपाध्याय,डा.योगेश योगी,डा.परविंदर कुमार,रोहित सिखौला,मुकेश वर्मा,सुनील पाल, राजकुमार,जोगिंदर मावी,के.के त्रिपाठी, शैलेंद्र गोदियाल,संजय चौहान,कुशलपाल चौहान,डा.सुशील उपाध्याय,अमित शर्मा,बालकृष्ण शास्त्री,संजीव शर्मा,संदीप शर्मा,रामेश्वर गौड़,तनवीर अली,नरेश दीवान शैली,लव शर्मा,शिवांग अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।जनपद आगमन पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने पुष्प गुच्छ भेंटकर महामहिम राज्यपाल का स्वागत किया।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

इस्लाम की सही तस्वीर दुनिया के सामने पेश करें छात्र-मौलाना खिजर