मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई शिकायतों पर हुई कार्रवाई
अनेक स्थानों पर अतिक्रमण हटाते हुए जुर्माना भी वसूला
रिपोर्ट-अमान उल्ला खान
सहारनपुर- मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गयी शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए आज नगर निगम ने त्वरित कारवाई की। अनेक स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया और जुर्माना वसूला गया। मिशन कम्पाउण्ड में दुकानों के बाहर नाला कवर कर अवैध रुप से किये गए सीढ़ियों के निर्माण को भी तुड़वाया गया और चेतावनी दी गयी कि यदि दोबारा निर्माण किया गया तो निर्माण को ध्वस्त करते हुए कार्रवाई की जायेगी।
मुख्यमंत्री पोर्टल तथा जनसुनवाई में आयी शिकायतों पर नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर आज निगम के प्रवर्तन दल ने अनेक स्थानों पर कार्रवाई की। पोर्टल पर शिकायत की गयी थी कि अग्रसेन चौक पर नगर निगम की एक दुकान को किरायेदार ने दो हिस्सों में विभक्त कर दूसरी को किराये पर दे दिया है। इस पर प्रवर्तन दल ने दो दिन में दुकान के भीतर बनायी गयी दीवार हटाने तथा दुकान के कागज निगम में जमा कराने के निर्देश दिए और एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया।कचहरी की ओर कोर्ट रोड पुल उतरते ही दायी ओर एक दुकानदार द्वारा सड़क पर पुतले और बोर्ड रखने की शिकायत भी पोर्टल पर की गयी थी। जिस पर प्रवर्तन दल ने अतिक्रमण हटवाते हुए दो हजार रुपये जुर्माना लगाया। गत सप्ताह भी उक्त दुकानदार का अतिक्रमण हटवाया गया था। इसके अलावा आईजीआरएस शिकायत पर ही कार्रवाई करते हुए ब्रजेश नगर पुल के नीचे एक दर्जन से ज्यादा दुकानों का अतिक्रमण हटवाया गया। एक व्यक्ति द्वारा सड़क पर टीन शेड डालकर दुकान बना ली गयी थी, उस दुकान को भी हटवाया गया और 12 सौ रुपये जुर्माना लगाया गया। जनसुनवाई में आयी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए दिल्ली रोड शक्ति पैट्रोल पंप के सामने से सड़क पर रखा गया एक खोखा भी हटवाया गया। इसके अलावा मिशन कम्पाउण्ड में आठ दुकानों के सामने नाला कवर कर सड़क पर बनायी गयी सीढ़ियों को आज निर्माण विभाग की शिकायत पर तुड़वाया गया। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एच बी गुरुंग व हरिप्रकाश कसाना सहित प्रवर्तन दल के जवान मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ