Ticker

6/recent/ticker-posts

माहे रमज़ान के दूसरे जुमे पर अकीदतमंदों ने पुरसुकून वातावरण में अदा की जुमे की नमाज़

 माहे रमज़ान के दूसरे जुमे पर अकीदतमंदों ने पुरसुकून वातावरण में अदा की जुमे की नमाज़ 

रिपोर्ट-नदीम निज़ामी

नकुड़-माहे रमज़ान के दूसरे जुमे पर कस्बे का माहौल पूरी तरह रूहानियत में डूबा नजर आया। नगर की शाही जामा मस्जिद सहित सभी प्रमुख मस्जिदों में अकीदतमंदों ने पुरसुकून वातावरण में जुमे की नमाज़ अदा की। नमाज़ के बाद रोज़ेदारों ने अल्लाह की बारगाह में हाथ उठाकर अपने गुनाहों की तौबा मांगी और मुल्क की अमन-ओ-सलामती व तरक़्क़ी के लिए ख़ास दुआएं की। 

शुक्रवार को नगर की शाही जामा मस्जिद, नकुड़ में हजारों नमाज़ियों ने मस्जिद के ख़तीब मौलाना मुनव्वर हुसैन की इमामत में जुमे की नमाज़ अदा की। नमाज़ से पूर्व अपने खुत्बे में उन्होंने ज़कात की अहमियत पर विस्तार से रोशनी डाली। उन्होंने कहा कि ज़कात अदा करना हर साहिब-ए-निसाब मुसलमान पर फर्ज़ है और इससे समाज में बराबरी व भाईचारे की भावना मजबूत होती है। ज़कात में कोताही बरतने के दुष्परिणामों पर भी उन्होंने खुलकर बयान किया। इसके अलावा लक्कड़ वाली मस्जिद, शेख ज़ादगान मस्जिद, मरकज़ मस्जिद बंजारान, इमली वाली मस्जिद, क़लंदर वाली मस्जिद, मदनी मस्जिद, पीर वाली मस्जिद, हमज़ा मस्जिद, उमर मस्जिद, बस स्टैंड वाली मस्जिद और जोगियान मस्जिद में भी अकीदत के साथ जुमे की नमाज़ अदा की गई। नमाज़ के बाद बाजारों में रौनक बढ़ गई। रोज़ेदारों ने इफ़्तार और सहरी के लिए जमकर खरीदारी की। साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने सुबह से विशेष अभियान चलाया, जबकि सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

दिल्ली-उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड को जोड़ने वाले दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का राष्ट्र को समर्पण