Ticker

6/recent/ticker-posts

ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज क्रिकेट प्रतियोगिता के लिये पीयूष चौहान का उत्तर प्रदेश की क्रिकेट टीम में हुआ चयन

ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज क्रिकेट प्रतियोगिता के लिये पीयूष चौहान का उत्तर प्रदेश की क्रिकेट टीम में हुआ चयन

उत्तर प्रदेश की क्रिकेट टीम में चयनित पीयूष चौहान पशुपालन विभाग, सहारनपुर में कार्यरत है। खेल क्षेत्र में उनका अनुभव काफी अच्छा रहा है

रिपोर्ट मनोज कश्यप

सहारनपुर - खेल के मैदान से सहारनपुर के लिए एक शानदार खबर आई है। नई दिल्ली में आयोजित होने वाली ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए पशुपालन विभाग सहारनपुर में कार्यरत पीयूष चौहान का चयन उत्तर प्रदेश की क्रिकेट टीम में हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल विभाग, बल्कि पूरे जनपद और उनके पैतृक गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है।

पीयूष चौहान ने बताया कि इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन 17 से 26 फरवरी तक नई दिल्ली में किया जा रहा है। इस टूर्नामेंट में देशभर के विभिन्न राज्यों की सिविल सर्विसेज टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। उत्तर प्रदेश की घोषित टीम में पीयूष को उनकी खेल क्षमता के आधार पर स्थान मिला है। पीयूष चौहान मूल रूप से जनपद शामली के कैराना (ऊँचा गांव) के निवासी हैं और वर्तमान में सहारनपुर में निवास कर रहे हैं। पीयूष चौहान ने बताया कि वह एन.आई.एस. क्वालिफाइड क्रिकेट कोच हैं तथा खेल क्षेत्र में उनका अनुभव काफी अच्छा रहा है। वे पूर्व में क्रिकेट अकेडमी ऑफ पठान में हेड कोच तथा युवराज सिंह सेंटर ऑफ एकसिलेन्स, गुरुग्राम में भी हेड कोच के रूप में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे चुके हैं। 
अपनी इस बड़ी उपलब्धि पर पीयूष ने अपने गुरु व कोच नेत्रपाल मलिक और विनीत जैन के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही, उन्होंने पशुपालन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों को उनके निरंतर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के लिए धन्यवाद दिया। चयन की खबर मिलते ही पशुपालन विभाग के अधिकारियों, सहयोगियों और क्षेत्र के खेल प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। सभी ने उम्मीद जताई है कि पीयूष अपने शानदार खेल से उत्तर प्रदेश की टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एसआईआर अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक लोगों के वोट बनवाए कार्यकर्ता-चौ अब्दुल वाहिद