राजकीय प्राथमिक शिक्षक एसोसिएशन ने जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा ज्ञापन,कारवाई की मांग
रिपोर्ट श्रवण झा
हरिद्वार- राजकीय प्राथमिक शिक्षक एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद से मुलाकात करने पहुंचा इस अवसर पर संगठन की ओर से 10सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के निस्तारण की मांग की गई।
सर्वप्रथम संगठन की ओर से वार्षिक अवकाश का कैलेंडर जिला शिक्षा अधिकारी/मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय को भेंट किया तथा रंग पर्व की शुभकामनाएं प्रेषित की गई।इसके उपरांत शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं से संबंधित 10सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए जिला शिक्षा अधिकारी से विस्तारपूर्वक वार्ता की गई।वार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने कहा कि जब कोई शिक्षक सेवानिवृत्त होता है,तो उसके सेवानिवृत्ति देयकों को लंबे समय तक कार्यालय में लंबित रखा जाता है,जिससे शिक्षक अनावश्यक रूप से परेशान होते हैं।उन्होंने कहा कि शासनादेश स्पष्ट रूप से निर्देशित करता है कि सेवानिवृत्ति के दिन ही शिक्षकों को उनके सभी सेवा निवृत्ति देयकों का भुगतान किया जाए,अतःइस व्यवस्था का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।जिला महामंत्री दर्शन सिंह पवार ने कहा कि जब कोई शिक्षक मेडिकल अवकाश पर जाता है तो उसका वेतन रोक दिया जाता है,जबकि उसी समय शिक्षकों को आर्थिक रूप से सबसे अधिक आवश्यकता होती है।उन्होंने कहा कि शासनादेश में कहीं भी वेतन रोकने का प्रावधान नहीं है, क्योंकि शिक्षकों को पूरे सेवा काल में 12माह का सवेतन चिकित्सा अवकाश प्राप्त है।इसलिए मेडिकल अवकाश पर जाने पर किसी भी शिक्षक का वेतन न रोका जाए। जिला उपाध्यक्ष डॉ.शिवा अग्रवाल ने शहर में मर्ज किए जा रहे विद्यालयों का मुद्दा उठाते हुए अनुरोध किया कि किसी भी विद्यालय का विलय न किया जाए,बल्कि उनके लिए अन्य विकल्पों पर विचार किया जाए,जिससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो।जिला शिक्षा अधिकारी अमित चंद ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि शीघ्र ही सभी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।उन्होंने कहा कि शिक्षक एवं बच्चों के होते जो भी होगा वह हरसंभव करेंगे।एसोसिएशन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दियानी को भी कैलेंडर भेंट किया।प्रतिनिधिमंडल में अमर क्रांति (ब्लॉक अध्यक्ष), चन्द्रकान्त बिष्ट (मंत्री),मौ.युसुफ (कोषाध्यक्ष),भरत सिंह बुटोला,विनेश कुमार चौहान,रवि गोस्वामी (जिला संगठन मंत्री),शरद भारद्वाज (जिला उपमंत्री),प्रमोद कुमार अधाना,सुनील बोहरे,गोरख पाल,अनिल कुमार शर्मा (अध्यक्ष लक्सर),अजय कुमार (ब्लॉक मंत्री लक्सर),जाहिद आलम (कोषाध्यक्ष),नितिन कुमार(वरिष्ठ उपाध्यक्ष),विजय सिंह,कुलदीप सिंह (संरक्षक),देशराज,सुनील कुमार, मो.गुलजार,तनवीर आलम आदि उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ