Ticker

6/recent/ticker-posts

जिला प्रशासन के जनदर्शन में न्याय का भरोसा, हर शिकायत पर त्वरित एक्शन

 जिला प्रशासन के जनदर्शन में न्याय का भरोसा, हर शिकायत पर त्वरित एक्शन

जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी-सविन बंसल

जनसुनवाई कार्यक्रम में जिलाधिकारी के समक्ष 92शिकायतें दर्ज,एक्सईन का एक दिन का वेतन रोका

रिपोर्ट श्रवण झा

देहरादून-जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम में जनसमस्याओं का निस्तारण किया गया। जनसुनवाई में फरियादियों ने भूमि विवाद,निजी भूमि का सीमांकन,अवैध कब्जा,आपसी विवाद,आर्थिक सहायता,फीस माफी,उपचार से संबंधित कुल 92शिकायतें एवं समस्याएँ जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कीं।जिलाधिकारी ने सभी जनशिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध,गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

एचडीसी कॉलोनी निवासी 80वर्षीय बुजुर्ग एल.एन.नौटियाल ने अवगत कराया कि उनके मोहल्ले में सीवर लाइन,सड़क एवं नाली निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण न होने के कारण सीवर चेंबर धंस गए हैं।सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है तथा वर्षा ऋतु में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो रही है ,जिससे आमजन को आवागमन में अत्यधिक कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।कई स्तरों पर समस्या रखने के बावजूद समाधान न होने पर उन्होंने जनता दरबार में अपनी पीड़ा व्यक्त की।मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से स्पष्टीकरण चाहा।जनता दरबार में अनुपस्थित पाए जाने पर डीएम ने अधिशासी अभियंता के एक दिन के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए। एडीएम को मामले की जांच कर संबंधित विभागों से शीघ्र समस्या समाधान सुनिश्चित करने कहा।मोथरोवाला निवासी एक बुजुर्ग दंपत्ति ने शिकायत दर्ज कराई कि सुनील कुमार एवं उनकी पत्नी सुधा,जो उनके आवास में रह रहे थे,न्यायालय के आदेश के बावजूद घर खाली नहीं कर रहे हैं,उनके साथ मारपीट एवं अभद्र व्यवहार कर मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न कर रहे हैं।जिलाधिकारी ने मामले को प्राथमिकता पर लेते हुए एसडीएम सदर को त्वरित कार्रवाई कर ‘एक्शन टेकन रिपोर्ट’ प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।राजीव नगर निवासी वृद्धा मंजू देवी ने अवगत कराया कि उनका पुत्र एवं बहू उन्हें घर से बेदखल कर संपत्ति हड़पने का प्रयास कर रहे हैं तथा प्रतिदिन अभद्र व्यवहार एवं जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को‘भरण-पोषण अधिनियम’के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अजबपुर कलां निवासी असहाय बुजुर्ग विधवा सीमा उनियाल ने अपने जेठ एवं उनके पुत्रों पर मारपीट,अभद्र भाषा का प्रयोग तथा निजी संपत्ति हड़पने का आरोप लगाया। जिलाधिकारी ने तहसीलदार को मौके पर जांच कर पीड़िता को न्याय दिलाने एवं समस्या का यथाशीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।डोईवाला निवासी मीना क्षेत्री ने बताया कि संपत्ति से बेदखल किए जाने के बाद उनका पुत्र उनके साथ अभद्र व्यवहार कर रहा है तथा उन्हें जान से मारने का प्रयास कर रहा है।एक असहाय बुजुर्ग महिला की व्यथा को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने एसएसपी को‘सीनियर सिटीजन एक्ट’के अंतर्गत वाद दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए जिलाधिकारी ने बुजुर्ग महिला को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाने हेतु‘सारथी वाहन’की व्यवस्था भी कराई।लख्खीबाग निवासी मौ.यासीन ने अपनी आर्थिक तंगी का उल्लेख करते हुए अपने पुत्र की विद्यालय शुल्क माफी की प्रार्थना की। जिलाधिकारी ने प्रकरण को सहानुभूति पूर्वक लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को संबंधित विद्यालय से समन्वय स्थापित कर नियमानुसार राहत दिलाने के निर्देश दिए,ताकि आर्थिक अभाव के कारण बच्चे की शिक्षा बाधित न हो।तिपरपुर परगना निवासी बुजुर्ग बाला देवी ने शिकायत की कि उनकी निजी भूमि पर कुछ लोगों द्वारा जबरन अवैध कब्जा किया जा रहा है तथा विरोध करने पर उन्हें धमकाया जा रहा है।जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार को स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष जांच करते हुए शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी,सभी विभाग निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करें।जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन सुनवाई में प्राप्त प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को शीघ्र राहत मिल सके।जनता दरबार में अपर जिलाधिकारी (वि.रा)के.के मिश्रा,एसडीएम विनोद कुमार,एसडीएम कुमकुम जोशी,एसडीएम अपूर्वा सिंह,एसडीएम अपर्णा ढ़ौडियाल,परियोजना निदेशक विक्रम सिंह,जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद थे।    


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

 त्यौहारों को लेकर अधिकारी अलर्ट, पैदल मार्च किया