सहारनपुर मे महिला चैलेंजर ट्रॉफी 2026 का कल से होगा आगाज - भावना तोमर
रिपोर्ट मनोज कश्यप
सहारनपुर- सहारनपुर में महिला क्रिकेट को नई दिशा देने के उद्देश्य से सीनियर महिला क्रिकेट खिलाड़ी और उत्तर प्रदेश महिला क्रिकेट टीम की कोच भावना तोमर की पहल पर 16 से 19 अप्रैल तक महिला चैलेंजर ट्रॉफी 2026 का आयोजन सोना क्रिकेट अकादमी, देव भूमि कॉलेज के पास किया जाएगा। टूर्नामेंट में सहारनपुर रेड, सहारनपुर ब्लू, मेरठ, गाजियाबाद और करनाल की टीमें हिस्सा लेंगी।
क्रिकेट टीम कोच भावना तोमर ने बताया कि सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन मोहम्मद अकरम महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत हैं और इस टूर्नामेंट को उनका सहयोग मिल रहा है। उनके दिशा-निर्देश में एसोसिएशन की सक्रियता से जिले में महिला क्रिकेट की गतिविधियां बढ़ी हैं और नई प्रतिभाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला क्रिकेट में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन उन्हें पर्याप्त मंच नहीं मिल पाता। इस टूर्नामेंट के जरिए खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल और खुद को साबित करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि छोटे शहरों की खिलाड़ी संसाधनों के अभाव में पीछे रह जाती हैं, ऐसे में यह आयोजन उनके लिए बड़ा प्लेटफॉर्म साबित होगा। भावना तोमर ने कहा कि उनका लक्ष्य सहारनपुर की खिलाड़ियों को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। मुकाबले प्रतिदिन सुबह 8 बजे से खेले जाएंगे। उन्होंने खेल प्रेमियों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें।
0 टिप्पणियाँ