सभी विकास कार्य मुख्यमंत्री की अपेक्षाओं के अनुरूप समयबद्धता से सुनिश्चित किए जाए - कैड़ा
शहरी विकास मंत्री ने जिलास्तरीय अधिकारियों संग समीक्षा बैठक करते हुए दिए निर्देश
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
नैनीताल-प्रदेश के शहरी विकास,जलागम प्रबंधन मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मंगलवार को भीमताल विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल एवं सभी जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान मंत्री ने कहा कि जनपद नैनीताल पूरे प्रदेश का वीवीआईपी जिला है।यहाँ बड़ी संख्या में पर्यटक तथा श्रद्धालु बड़ी संख्या में भ्रमण के लिए आते हैं।जनपद भ्रमण पर आने वाले पर्यटकों तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद हो ताकि पर्यटक व दर्शनार्थी सुखद अनुभव लेकर जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्यटन सीजन में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो,गर्मी के मौसम में पेयजल की किल्लत न हो,इसलिए एहतियातन सभी वैकल्पिक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।उन्होंने वन विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने हेतु ठोस उपाय किए जाए।उन्होंने वनाग्नि की रोकथाम हेतु 24’7 अलर्ट रहते हुए तत्काल वनाग्नि रोकथाम के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि झीलों का जलस्तर गर्मियों में कम हो जाता है,इसे बढ़ाने हेतु स्थायी समाधान की दिशा में कार्य किया जाए,झील की सुंदरता के लिए भी कार्य किया जाय। उन्होंने निर्देश दिए कि वन तथा कृषि विभाग आपसी तालमेल से बंदरों को पकड़ने की कार्यवाही करें। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो,बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा मिले,शिक्षा व्यवस्था में सुधार करते हुए जनपद को राज्य में प्रथम स्थान पर लाने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सभी चिकित्सलायों में बेहतर चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर करने के भीमताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने हेतु मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं को तत्काल पूरी करने हेतु कार्यवाही के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए। पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाए जाने हेतु सभी पर्यटन स्थलों का सौंदर्यीकरण किया जाय मुख्य मुख्य स्थानों में एकरूपता के व्यू पॉइंट बनाए जाय,साइनेज लगाए जाय।उन्होंने निर्देश दिए जल जीवन मिशन के अंतर्गत जनपद में जो भी अधूरे कार्य हैं,उन्हें पूरा कर लिया जाए,किसी भी प्रकार की शिकायत न मिले। उन्होंने निर्देश दिए कि हैंडपंप व नलकूप संचालन में जो भी समस्याएं हैं,उनका समाधान किया जाए।उन्होंने जिले की विभिन्न सड़कों के निर्माण के संबंध में लोनिवि व पीएम जीएसवाई के अधिकारियों की आवश्यक निर्देश दिए।पूर्ति विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी समानता के आधार पर गैस आपूर्ति की जाएं,केवाईसी कैंप भी आयोजित कराए जाएं ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी न हो।उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य मुख्यमंत्री की अपेक्षाओं और जनभावनाओं के अनुरूप समयबद्धता से सुनिश्चित किए जाएं।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे,अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग मनोहर सिंह धर्मशक्तू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ