सरकार का उद्देश्य प्रत्येक विकास योजना को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करना -रावत
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
देहरादून-हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत द्वारा सांसद टिहरी गढ़वाल श्रीमती माला राज्य लक्ष्मी शाह जी की अध्यक्षता में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति‘दिशा’ की बैठक में प्रतिभाग किया गया। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न शासकीय विभागों की प्रगति,उपलब्धियों एवं लंबित योजनाओं की गहन समीक्षा की गई।बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने जनता से सीधे जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया और उनके त्वरित समाधान पर बल दिया।विकास कार्यों की गुणवत्ता,समयबद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए तथा मैदानी स्तर पर कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता न हो। साथ ही,जनहित से जुड़े विषयों पर शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।इस अवसर पर श्री रावत ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक विकास योजना को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करना है,ताकि अंत्योदय की भावना के अनुरूप अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुँचाया जा सके।उन्होंने देहरादून को विकास के प्रत्येक मानक पर अग्रणी बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया।बैठक में विधायक रायपुर उमेश शर्मा काऊ,मेयर ऋषिकेश शम्भु पासवान,नगर पालिका अध्यक्षगण,ब्लॉक प्रमुखगण ,जिला पंचायत सदस्यगण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ