Ticker

6/recent/ticker-posts

बाल कल्याण योजनाओं की समीक्षा बैठक में त्वरित कार्यवाही,

 बाल कल्याण योजनाओं की समीक्षा बैठक में त्वरित कार्यवाही,

बाल श्रम उन्मूलन व ड्रापआउट रोकने पर जोर

रिपोर्ट श्रवण कुमार झा

हल्द्वानी-बाल कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं बाल अधिकारों के संरक्षण को लेकर आज राजकीय संप्रेक्षण गृह(किशोर) के सभागार,जिला प्रोबेशन कार्यालय कालाढूंगी में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक की अध्यक्षता उत्तराखण्ड बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश रजवार ने की।बैठक में जिला प्रोबेशन कार्यालय,बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड,राजकीय संस्थाओं,स्वैच्छिक बाल देखरेख संस्थाओं एवं चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।अध्यक्षता करते हुए सदस्य ने जनपद में बाल अधिकारों के संरक्षण एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन एवं लाभार्थियों तक पहुंच की स्थिति की जानकारी ली।बैठक में निम्न बिंदुओं पर विशेष रूप से जोर दिया गया कि किशोर न्याय अधिनियम एवं पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत दर्ज मामलों में त्वरित कार्यवाही एवं मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए ।जनपद को बाल श्रम मुक्त बनाने हेतु संबंधित विभाग आपसी समन्वय बढ़ाते हुए औचक निरीक्षण करें।स्कूल ड्रॉपआउट की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए बच्चों को पुनः शिक्षा से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 का व्यापक प्रचार-प्रसार कर बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाए। सदस्य ने निर्देश दिए कि जनपद में संचालित वे संस्थाएं जो किशोर न्याय अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत नहीं हैं,उनकी जांच की जाए।दत्तक ग्रहण प्रक्रिया में ऐसे अभिभावकों को प्राथमिकता दी जाए जिनके कोई संतान नहीं है।इस संबंध में जिला प्रोबेशन अधिकारी को आवश्यक जांच के निर्देश दिए गए।यूएसआर इन्दु समिति,रामनगर में 18वर्ष से अधिक आयु के बच्चों के पुनर्वास हेतु वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।बैठक में विभिन्न संस्थाओं से उनकी वर्तमान चुनौतियों के संबंध में जिला प्रोबेशन अधिकारी के माध्यम से प्रस्ताव प्रेषित करने के निर्देश भी दिए गए।इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी नैनीताल,वर्षा,अध्यक्ष बाल कल्याण समिति,देवकी आर्या,सदस्य किशोर न्याय बोर्ड,नजर अली सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने सदस्य सहित सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

पश्चिम प्रदेश निर्माण के लिए भगत सिंह वर्मा सांसद इमरान मसूद से मिले।