जोन व्यवस्था पर गरजे पार्षद फजलुर्रहमान, जनता की समस्याओं को लेकर उठाई आवाज
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर- नगर निगम सहारनपुर की कार्यकारिणी बैठक में आज पार्षद फजलुर्रहमान ने विभिन्न जनसमस्याओं को जोरदार तरीके से उठाया।
बैठक के दौरान उन्होंने नगर निगम को तीन जोन में विभाजित किए जाने के निर्णय पर खुशी जताई, लेकिन साथ ही जोनों की दूरी अधिक होने पर आम जनता को हो रही परेशानियों पर चिंता व्यक्त की।उन्होंने सुझाव दिया कि एक जोन मंडी समिति रोड या नगर निगम परिसर के आसपास बनाया जाए, ताकि उससे जुड़े वार्डों के लोगों को सुविधाजनक सेवाएं मिल सकें। उनका कहना था कि जोन की दूरी अधिक होने से नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। इसके अलावा पार्षद ने मोहल्ला आली के तेलियों वाले चौक में 40 एचपी के नलकूप की बोरिंग फेल होने का मुद्दा भी उठाया और तत्काल री-बोरिंग कराने की मांग की, ताकि क्षेत्रवासियों को पेयजल संकट से राहत मिल सके। बैठक में जन्म प्रमाण पत्र से जुड़ी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया।फजलुर्रहमान ने बताया कि जन्म प्रमाण पत्र की पत्रावली लगभग एक वर्ष तक उपजिलाधिकारी कार्यालय में लंबित रहती है, जिससे नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने जन्म प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को सरल और समयबद्ध करने की मांग की। पार्षद ने कहा कि नगर निगम को आम जनता की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
0 टिप्पणियाँ