मुख्य विकास अधिकारी ने किया 5 दिवसीय मोटापा निवारण योग शिविर का शुभारंभ
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
हरिद्वार-भारतीय योग संस्थान,सामुदायिक केंद्र रोशनाबाद में रविवार को प्रातः 5 दिवसीय मोटापा रोग निवारण शिविर का शुभारंभ हुआ। मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया।कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री मंत्रोच्चार एवं मां सरस्वती वंदना से की गई। इसकी जानकारी जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने दी।
भारतीय योग संस्थान,रौशनाबाद द्वारा आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य मोटापे से जुड़ी जीवनशैली संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।आयोजकों ने बताया कि शिविर के माध्यम से लोगों को बिना दवा के योग,प्राणायाम और सही दिनचर्या अपनाकर वजन नियंत्रण व बेहतर स्वास्थ्य के लिए प्रेरित किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने कहा,“मोटापा आज की सबसे बड़ी स्वास्थ्य चुनौती है।”उन्होंने सभी आयु वर्ग के लोगों से नियमित योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।कार्यक्रम का मंच संचालन कनिष्ठ अभियंता ,उरेड़ा सुश्री शिल्पी द्वारा किया गया।शिविर में रोशनाबाद,शिवालिकनगर और जिला कारागार केंद्रों के 70 से अधिक साधकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।योग शिक्षक के रूप में जय ध्यानी,अर्चना,सुशीला,प्रीति,पूजा,मीरा थपलियाल,सुनीता,मीरा रावत सहित अन्य साधकों की सक्रिय सहभागिता रही।योग समापन के बाद आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने मुख्य विकास अधिकारी को सामुदायिक केंद्र का भ्रमण कराया।उल्लेखनीय है कि इस केंद्र में 7जनवरी 2025 से लगातार निशुल्क योग केंद्र संचालित किया जा रहा है।इस दौरान केंद्र की समस्याओं से अवगत कराते हुए विकास व सौन्दरीकरण के सुझाव दिए गए।मुख्य विकास अधिकारी ने समस्या निवारण,वृक्षारोपण व अन्य कार्यों का आश्वासन दिया।
0 टिप्पणियाँ