लक्सर विधायक ने विधानसभा अध्यक्ष को दिया डीईओ बेसिक के खिलाफ विशेषाधिकार हनन नोटिस
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
हरिद्वार- लक्सर विधायक मोहम्मद शहजाद ने जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक द्वारा कुछ समाचार पत्रों में उनके नाम से मदरसों के खिलाफ कारवाई संबंधी खबरें प्रकाशित करवाए जाने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी से मुलाकात कर विशेषाधिकार हनन का नोटिस सौंपा।
विधायक मौहम्मद शहजाद का आरोप है कि बिना किसी तथ्य और शिकायत के उनके नाम का इस्तेमाल कर उनकी राजनीतिक छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है।मोहम्मद शहजाद ने कहा कि उन्होंने कभी भी किसी मदरसे के खिलाफ कार्रवाई के लिए शिकायत नहीं की और न ही किसी अधिकारी को इस प्रकार के निर्देश दिए। इसके बावजूद कुछ समाचार पत्रों में उनके नाम का उल्लेख कर सुनियोजित तरीके से भ्रम फैलाया गया।विधायक ने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि एक राजनीतिक दल के नेता के साथ मिलकर उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया गया है।विधायक ने विधानसभा अध्यक्ष को दिए नोटिस में मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के नाम का गलत इस्तेमाल कर झूठी खबरें प्रकाशित कराना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।इस प्रकार की घटनाएं न केवल जनप्रतिनिधियों की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाती हैं बल्कि जनता के बीच भी गलत संदेश देती हैं।मोहम्मद शहजाद ने स्पष्ट किया कि वह शिक्षा और सामाजिक सौहार्द के पक्षधर हैं तथा किसी भी समुदाय विशेष को निशाना बनाने की राजनीति में विश्वास नहीं रखते।विधायक मोहम्मद शहजाद ने विधानसभा अध्यक्ष को दिए गए नोटिस में जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए उम्मीद जताई कि विधानसभा स्तर पर इस मामले का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ