जिला कारागार में विशेष हेल्प डेस्क की स्थापना जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा शुरू
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
हरिद्वार-जिला कारागार के मुलाकात परिसर में भी विधिक सहायता के लिए विशेष हेल्प डेस्क की स्थापना जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से की गई है।
गुरुवार को लीगल एड हेल्प डेस्क का उद्घाटन करते हुए जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष नरेन्द्र दत्त ने कहा कि हेल्प डेस्क का उद्देश्य कारागार में निरुद्ध बंदियों के साथ-साथ उनके परिजनों को भी निःशुल्क कानूनी सहायता तथा विधिक जानकारियों के संबंध में समन्वय स्थापित कर सहयोग प्रदान करना है।डेक्स बंदियों व उनके परिवारजनों का एक सुरक्षित और सुलभ स्थान जहां पर विधिक अधिकारों व मानव अधिकार से संबंधित जानकारियां उपलब्ध हो सकेंगी।इस अवसर पर प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर ने बताया कि जिला कारागार में पूर्व से ही सर्किल ऑफिस व यूटी ऑफिस में विधिक सहायता केंद्र गतिमान हैं जो कि बंदियों को निरंतरता से विधिक सहायता प्रदान कर रहे हैं।यह विशेष लीगल हेल्प डेस्क अब उनके परिवारजन हेतु स्थापित किया गया है जिससे निश्चित रूप से बंदियों व उनके परिवारजन ज्यादा से ज्यादा कानूनी सहायता प्राप्त कर लाभान्वित हो सकें।इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संदीप कुमार,जिला कारागार के वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज आर्य,डिप्टी जेलर प्रमोद कुमार दानू व जेल प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ