जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील नकुड़ में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न
जिलाधिकारी ने लेखपाल के कारण लम्बित प्रकरण पर लिया त्वरित एक्शन, किया निलम्बित
राजस्व निरीक्षक के विरूद्ध विभागीय कार्रवाई करने के दिए निर्देश
समस्याओं का समयबद्धता एवं गुणवत्ता से करें निस्तारण - जिलाधिकारी
रिपोर्ट नदीम निज़ामी
नकुड़-सहारनपुर-जिलाधिकारी श्री अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में तहसील नकुड़ में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का तत्परता से निदान करना सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों व समस्याओं का निस्तारण शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। भूमि संबंधी प्रकरणों में प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर त्वरित रूप से कार्यवाही की जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पूर्ति, विद्युत, पुलिस, समाज कल्याण, नलकूप, विकास विभाग की कुल 47 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें से 05 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।जिलाधिकारी को सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिकायतकर्ता द्वारा शिकायत की गयी कि प्रार्थी को कुर्रेहनुसार पैमाईश कर दखल नहीं दिलाया गया है। उक्त प्रकरण पर त्वरित तहसीलदार को जांच करने के निर्देश दिए गये। तदुपरान्त जांच में पाया गया कि प्रार्थी का प्रार्थना पत्र लेखपाल के स्तर पर लम्बित है। जिस कारण समय के अन्तर्गत कार्यवाही नहीं की जा सकी। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लेखपाल संदीप कुमार क्षेत्र फतेहपुर जट्ट, परगना एवं तहसील नकुड़ को निलम्बित करते हुए राजस्व निरीक्षक कार्यालय से सम्बद्ध किया गया। साथ ही राजस्व निरीक्षक नकुड़ बाबूराम के विरूद्ध विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायत निस्तारण के प्रति संवेदनशीलता दिखाएं और मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए समस्याओं का समयबद्धता से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होने आए हुए लोगों की शिकायतों को सुनकर सम्बन्धित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप जो समय सीमा समस्याओं के निस्तारण की दी गई है, उसी के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि निस्तारण के साथ-साथ लाभार्थी को संतुष्टी भी मिलनी चाहिए।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अभिनंदन ने कहा कि पुलिस अधिकारी आमजन की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समयबद्ध ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करें। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 प्रवीण कुमार, उपजिलाधिकारी श्री सुरेन्द्र कुमार, पीडीडीआरडीए श्री प्रणय कृष्ण सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ