चार दिवसीय उत्तर प्रदेश राज्य वुशु प्रतियोगिता का शामली में हुआ भव्य आगाज
उत्तर प्रदेश वुशु एसोसिएशन के अध्यक्ष सुहेल अहमद, महासचिव मनीष कक्कड़ ने सभी अतिथियों का स्वागत किया
प्रतियोगिता में विभिन्न जनपदों से आए 850 खिलाड़ी कर रहे है प्रतिभाग
रिपोर्ट मनोज कश्यप
शामली - उत्तर प्रदेश वुशु एसोसिएशन के तत्वावधान में चार दिवसीय उत्तर प्रदेश राज्य (सब जूनियर/ जूनियर/ सीनियर) वुशु प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हो गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए 850 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे है। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में अंकित गोयल (व्यापार मंडल शामली), सुख चैन वालिया (जिला मंत्री भाजपा), अनुराग शर्मा, हर्ष निर्वाल, अभिनव निर्वाल एवं अश्वनी त्यागी (प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी शामली) विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश वुशु एसोसिएशन के अध्यक्ष सुहेल अहमद, महासचिव मनीष कक्कड़ ने सभी अतिथियों का शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया। मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आये खिलाडियों का अपने संबोधन में उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना, अनुशासन एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।कार्यक्रम के सफल संचालन में राज विपिन, आकाश चौधरी (सचिव -जिला वुशु संघ शामली), विपिन देव, गोपाल एवं अन्य सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन समिति ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रतियोगिता की सफलता और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

0 टिप्पणियाँ