Ticker

6/recent/ticker-posts

मानसून से पहले सभी तैयारियां पूरी करें अधिकारी- मुख्यमंत्री

मानसून से पहले सभी तैयारियां पूरी करें अधिकारी- मुख्यमंत्री 

15 नवम्बर तक सभी सड़कें हों गड्ढा मुक्त,आपदा एवं स्वास्थ्य प्रबंधन पर विशेष फोकस

रिपोर्ट श्रवण कुमार झा

हरिद्वार- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में मानसून सीजन की तैयारियों की समीक्षा के दौरान सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

बैठक में समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून प्रारम्भ होने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं।उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन,जनसुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं एवं आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने के लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्ण तैयारी रखें।मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मानसून के बाद 15नवम्बर तक प्रदेश की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाए।उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष आपदा प्रभावित क्षेत्रों में शेष कार्यों को मानसून शुरू होने से पहले पूरा किया जाए।पुलों,कल्वर्टों एवं ड्रेनेज सिस्टम की जांच कर आवश्यक मरम्मत कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण कर सभी नालों एवं जल निकासी मार्गों की सफाई मानसून से पूर्व सुनिश्चित की जाए।मुख्यमंत्री ने डेंगू,मलेरिया एवं अन्य जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग जीवनरक्षक दवाओं,चिकित्सा उपकरणों एवं एम्बुलेंस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करे।उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनपदों में गर्भवती महिलाओं की अद्यतन सूची मुख्य चिकित्सा अधिकारियों से प्राप्त कर नियमित रूप से अपडेट रखें।संवेदनशील एवं दुर्गम क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं के लिए निकटवर्ती अस्पतालों के आसपास ठहरने की व्यवस्था की जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर हेली एम्बुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाए।चारधाम यात्रा मार्ग सहित राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर संवेदनशील स्थलों का विशेष निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों का भौतिक निरीक्षण किया जाए। जेसीबी,पोकलैंड,डंपर,क्रेन एवं अन्य आवश्यक मशीनरी को पहले से ही संवेदनशील स्थानों पर तैनात रखा जाए।जहां मानसून के दौरान सड़कें बार-बार बाधित होती हैं,वहां वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।सभी प्रभावी सचिव अपने-अपने जनपदों का भ्रमण कर मानसून के दृष्टिगत की गई तैयारियों का निरीक्षण करेंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात के दौरान विद्युत,पेयजल,सड़क,दूरसंचार एवं अन्य मूलभूत सेवाएं लंबे समय तक प्रभावित न हों। इसके लिए सभी संबंधित विभाग विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें।एसटीपी एवं पुलों के आसपास की विद्युत लाइनों का सुरक्षा ऑडिट भी कराया जाए।जनपद हरिद्वार की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया है कि जनपद के लक्सर एवं खानपुर क्षेत्र के कुछ गांव में मानसून के दौरान अत्यधिक वर्षा से गंगा का जलस्तर बढ़ जाने के कारण जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है,जिनका चिन्हीकरण किया गया है तथा जल निकासी के उचित प्रबन्धन हेतु पंप सेट तैयार किए गए है।उन्होंने यह अवगत कराया कि मनसा देवी हिल बाईपास ट्रीटमेंट के लिए स्वीकृति प्राप्त हो गई है तथा भगत सिंह चौक एवं रानीपुर मोड़ के जल निकासी के लिए ड्रेनेज प्लान तैयार कर लिया गया है।उन्होंने कहा कि जनपद में किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति न हो इसके लिए सभी नालों एवं कलमट की सफाई के लिए निर्देशित किया गया है।उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान आपदा जैसी स्थिति से निपटने के लिए सभी अधिकारियों को अपनी अपनी तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को चाक चौबंद रखने के निर्देश दिए गए है।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र,मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.आर.के सिंह,एसपी ट्रैफिक निशा यादव,अधीक्षण अभियंता लोनिवि डी.पी.सिंह,अधिशासी अभियंता सिंचाई ओमजी गुप्ता,यूपीसीएल दीपक सैनी, जलसंस्थान विपिन चौहान,जिला आपदा प्रबन्धन अधिकारी मीरा रावत,जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह,मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.एस.सी.जोशी,सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा,मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

राशन कार्डों का विशेष सत्यापन अभियान अपात्र एवं दोहरे लाभ वाले 462 कार्ड निरस्त