जिला पंचायत नैनीताल की बोर्ड बैठक में 14करोड़ रुपये का बजट पारित
जिला पंचायत की दुकानों के किराए में 25प्रतिशत वृद्धि करने के प्रस्ताव को स्वीकृति
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
हल्द्वानी-जिला पंचायत,नैनीताल की बोर्ड बैठक शुक्रवार को सर्किट हाउस,काठगोदाम सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।बैठक में पिछली बोर्ड बैठक की कार्यवाही विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27के लिए जिला पंचायत,नैनीताल का लगभग 14करोड़ रुपये का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया।पारित बजट में राज्य वित्त के अंतर्गत विकास एवं निर्माण कार्यों हेतु लगभग 11करोड़ रुपये तथा अन्य मदों के लिए लगभग 3करोड़ रुपये का प्रावधान पारित किया गया।बैठक में विभिन्न प्रशासनिक एवं विकासात्मक प्रस्तावों पर विचार करते हुए काठगोदाम डाक बंगले में जिला पंचायत कार्यालय स्थापित किए जाने,भीमताल स्थित डाक बंगले का व्यावसायिक उपयोग किए जाने तथा जिला पंचायत के अधीन संचालित दुकानों के किराए में 25प्रतिशत वृद्धि करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में विकसित की जा रही नई चौपाटियों के लिए लाइसेंस शुल्क निर्धारित किए जाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। बोर्ड द्वारा जिला पंचायत कर्मचारियों को एसीपी एवं पदोन्नति का लाभ प्रदान किए जाने संबंधी प्रस्ताव को अनुमोदित किया गया।साथ ही जिला पंचायत की परिसंपत्तियों के किराया दरों के पुनरीक्षण पर भी चर्चा की गई।बैठक में जिला पंचायत सदस्यों द्वारा मानदेय वृद्धि का प्रस्ताव पर अध्यक्ष ने प्रस्ताव को अनुमोदित करते हुए अग्रिम कार्रवाई हेतु शासन को प्रेषित किए जाने का आश्वासन दिया।बैठक में जिला पंचायत क्षेत्र के वन क्षेत्रों से लगे ग्रामीण इलाकों में जंगली जानवरों से किसानों एवं ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक स्थानों पर तारबाड़ कराए जाने के प्रस्ताव पर भी सहमति व्यक्त की गई।इसके अतिरिक्त जिला पंचायत द्वारा संचालित विभिन्न विकास कार्यों में तेजी लाने तथा जनहित की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विस्तार से चर्चा की गई।जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल ने ग्रामीण क्षेत्रों में जनसुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आठ वाहनों की व्यवस्था किए जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की।उन्होंने स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण के लिए प्रभावी एवं दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार की जाए,ताकि दूरस्थ क्षेत्रों में भी कचरे का वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित निस्तारण सुनिश्चित हो तथा रीसाइक्लिंग के माध्यम से उसके पुनःउपयोग को बढ़ावा दिया जा सके।बैठक में पार्किंग व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित बनाने तथा जिला पंचायत नैनीताल के अधीन संचालित दुकानों एवं अन्य परिसंपत्तियों के किराया दरों के पुनरीक्षण पर भी विस्तृत चर्चा की गई।बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट,समस्त जिला पंचायत सदस्य,अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अनिल जोशी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ