सहारनपुर की प्राची ने प्राप्त किया एशियन गेम्स में भाग लेने का टिकट
जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव एवं अन्तरराष्ट्रीय तकनीकी अधिकारी डॉ. अशोक कुमार गुप्ता समेत खेल प्रशिक्षको एवं खिलाड़ियों ने प्राची चौधरी को शुभकामनायें दी
रिपोर्ट मनोज कश्यप
सहारनपुर-59वीं राष्ट्रीय अंतरराज्यीय सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन 24 से 28 जून तक उड़ीसा राज्य के भुवनेश्वर शहर के कलिंगा स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुआ। जिला एथलेटिक्स संघ सहारनपुर के सचिव व अन्तर्राष्ट्रीय तकनीकी अधिकारी डॉ. अशोक कुमार गुप्ता ने बताया की उक्त राष्ट्रीय प्रतियोगिता मे सहारनपुर जिले की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कुमारी प्राची चौधरी ने उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए महिलाओं की 400 मीटर दौड़, जिसका आयोजन प्रतियोगिता के अंतिम दिन 28 जून की शाम को हुआ में भाग लिया और दौड़ में 53.24 सेकंड के समय के साथ प्रथम स्थान पर रहते हुए स्वर्ण पदक अर्जित किया। जबकि हरियाणा की किरण पहल और गुजरात की देवयानीबा ने क्रमशः 53.45 और 53.46 सेकंड के समय के साथ द्वितीय, तृतीय स्थान पर रहकर रजत एवं कांस्य पदक प्राप्त किये। डॉ. अशोक गुप्ता ने बताया की प्राची ने इस शानदार प्रदर्शन के साथ आगामी 20वें एशियन गेम्स में भाग लेने हेतु अंतरराष्ट्रीय निर्धारित मानकों को पार करते हुए भाग लेनें का अधिकार प्राप्त कर लिया है।
एशियन गेम्स में भाग लेने के महिलाओं की 400 मीटर दौड़ के न्यूनतम मानक 53.72 सेकंड है जबकि प्राची ने यह दौड़ 53.24 सेकंड में पूर्ण की है, यानी निर्धारित मानक से 00.48 सेकंड कम समय में पूर्ण की है। आगामी एशियन गेम्स जापान देश के आइची - नागोया में 19 सितंबर से 04 अक्टूबर 2026 तक होंगे। उन्होंने बताया की सहारनपुर जिले की कुमारी काजल किन्ही कारणों से उक्त राष्ट्रीय प्रतियोगिता की महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में भाग नहीं ले पाई ।प्राची चौधरी की इस उपलब्धि पर संघ अध्यक्ष सुषमा बजाज, यशपाल सिंह पुंडीर, मशकूर अहमद, चौधरी ईश्वरपाल सिंह मुखिया, प्रोफेसर संदीप गुप्ता, मुस्तकीम अंसारी, अविनाश कुमार बिट्टू, पंकज गर्ग, लाल धर्मेंद्र प्रताप, दीपक शर्मा, अमजद अली, जुली पुंडीर, रुबिका नेगी,पॉपिन कुमार, समित चौधरी, गौरव चौहान , मनोज प्रजापति, सोनवीर सिंह, अनुज कुमार, नूरीन जहां, सुप्रिया रानी, रवि कोरी आदि ने शुभकामनायें दी।

0 टिप्पणियाँ