साइकिलिंग खेल के विकास को लेकर बैठक आयोजित, बैठक में जिला साइकिलिंग संघ ने कार्यकारिणी का किया विस्तार
खेलो इंडिया अस्मिता सिटी साइकिलिंग लीग के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सहयोगियों को सम्मानित किया गया
बैठक की अध्यक्षता संघ अध्यक्ष संजय कुमार व संचालन सचिव जोगेन्द्र सिंह के द्वारा किया गया
रिपोर्ट मनोज कश्यप
सहारनपुर- जिला साइकिलिंग संघ सहारनपुर की महत्वपूर्ण बैठक में जनपद में साइकिलिंग खेल को बढ़ावा देने, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं के अवसर उपलब्ध कराने तथा खेल गतिविधियों का विस्तार करने को लेकर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में प्रशिक्षण शिविर, जिला स्तरीय एवं ओपन साइकिलिंग प्रतियोगिताओं के आयोजन की रूपरेखा भी तैयार की गई। साथ ही संघ की जिला कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई।
पीआर रेस्टोरेंट में आयोजित बैठक में अध्यक्ष संजय कुमार एवं सचिव जोगेन्द्र सिंह ने बताया कि संघ का मुख्य उद्देश्य जिले की साइकिलिंग प्रतिभाओं को राष्ट्रीय व अन्तरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना और अधिक से अधिक युवाओं को इस खेल से जोड़ना है। इसके लिए आगामी दिनों में विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। बैठक में सर्वसम्मति से संघ की जिला कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए सरदार संतोख सिंह को संरक्षक, सरदार जसबिंदर सिंह को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, संजीव कुमार को वरिष्ठ सहसचिव, अविनाश कुमार बिट्टू को प्रशिक्षक तथा लाल धर्मेन्द्र प्रताप को मीडिया प्रभारी मनोनीत किया गया। अध्यक्ष संजय कुमार ने कहा कि नवमनोनीत पदाधिकारियों के अनुभव और सक्रिय सहयोग से जनपद में साइकिलिंग खेल के विकास को नई दिशा और गति मिलेगी।इस अवसर पर खेलो इंडिया अस्मिता सिटी साइकिलिंग लीग-2026 के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले खेल प्रेमियों एवं सहयोगियों को सम्मानित किया गया। संघ ने उनके योगदान की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की। बैठक में संघ के अध्यक्ष संजय कुमार, सचिव जोगेन्द्र सिंह, कोषाध्यक्ष सतीश कुमार, संरक्षक संतोख सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जसविंदर सिंह, वरिष्ठ सहसचिव संजीव कुमार, सह सचिव रजत कुमार सहित संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने जिले में साइकिलिंग खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए अपने-अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष संजय कुमार व संचालन सचिव जोगेन्द्र सिंह के द्वारा किया गया।


0 टिप्पणियाँ