पारदर्शी,उत्तरदायी एवं जनहितकारी कार्य संस्कृति अपनाने के परिवहन सचिव ने दिए निर्देश
सचिव बृजेश कुमार संत ने एआरटीओ कार्यालय का किया निरीक्षण,कार्यप्रणाली को जांचा
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
हरिद्वार।उत्तराखण्ड शासन के परिवहन सचिव बृजेश कुमार संत ने आज सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन)कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं,अभिलेखों के रखरखाव,नागरिक सुविधाओं,डिजिटल सेवाओं, कार्यालय की कार्यप्रणाली तथा लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पारदर्शी,उत्तरदायी एवं जनहितकारी कार्य संस्कृति अपनाने के निर्देश दिए।
सचिव ने कार्यालय में संचालित विभिन्न सेवाओं का अवलोकन करते हुए ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण,परमिट,कराधान,फिटनेस,ग्रीन कार्ड तथा अन्य नागरिक सेवाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष बल दिया।उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग की सेवाएं आमजन से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ी हैं,इसलिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को संवेदनशीलता ,पारदर्शिता एवं दक्षता के साथ कार्य करना चाहिए।निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय के अभिलेखों एवं फाइलों के रखरखाव का भी निरीक्षण किया तथा अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण,उचित अनुक्रमण,सुरक्षित संरक्षण एवं रिकॉर्ड प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।कार्यालय भवन का निरीक्षण करते हुए इसे आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय भवन के आधुनिकीकरण हेतु विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रेषित किया जाए,जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें तथा कर्मचारियों के लिए भी आधुनिक एवं सुव्यवस्थित कार्य वातावरण विकसित हो सके।सचिव ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक एआरटीओ कार्यालय,हरिद्वार द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्य की शत-प्रतिशत उपलब्धि पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की।उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि कार्यालय की कार्यकुशलता,टीम भावना एवं प्रभावी राजस्व प्रबंधन का परिचायक है।उन्होंने निर्देश दिए कि भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखते हुए निर्धारित राजस्व लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान सचिव ने कार्यालय परिसर की स्वच्छता,अनुशासन,नागरिक सुविधा काउंटरों एवं समग्र कार्य वातावरण का भी अवलोकन किया तथा आवश्यक सुधारात्मक सुझाव दिए।उन्होंने कहा कि विभाग की कार्यप्रणाली में सूचना प्रौद्योगिकी का अधिकतम उपयोग करते हुए सेवाओं को और अधिक सरल,पारदर्शी एवं नागरिक-केंद्रित बनाया जाना चाहिए।इस दौरान अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह,संभागीय परिवहन अधिकारी, देहरादून संदीप सैनी,सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी(प्रशासन) निखिल शर्मा,सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा,सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन)रुड़की जितेन्द्र चन्द,सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी(प्रवर्तन) रुड़की कृष्णा पलारिया सहित परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ