Ticker

6/recent/ticker-posts

खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच दिलाना होगी प्राथमिकता - कविता दलाल

खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच दिलाना होगी प्राथमिकता - कविता दलाल

रिपोर्ट विवेक जैन

बागपत-विश्वप्रसिद्ध देश की पहली डब्लू-डब्लू-ई महिला रेसलर कविता दलाल ने राष्ट्रीय लोकदल खेलकूद प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर मनोनीत होने के बाद शाहपुर बड़ौली गांव के निकट स्थित उज्जवला मेरिज होम में आयोजित एक प्रेस कान्फ्रेंस में बताया कि यह दायित्व उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि देश के खिलाड़ियों, युवाओं और खेल संस्कृति को नई दिशा देने का अवसर है।

उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि संगठन की अपेक्षाओं पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने अपनी भावी कार्ययोजना साझा करते हुए कहा कि सबसे पहले देशभर में खेलकूद प्रकोष्ठ को जिला, मंडल और बूथ स्तर तक मजबूत एवं सक्रिय बनाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवा संगठन से जुड़ सकें। ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें उचित प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। कविता दलाल ने कहा कि महिलाओं और बेटियों की खेलों में भागीदारी बढ़ाना उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके लिए महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने, उन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने तथा सुरक्षित और सकारात्मक खेल वातावरण तैयार करने के प्रयास किए जाएंगे। साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों और खेल संस्थानों के सहयोग से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं, फिटनेस अभियान, मैराथन, योग शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रमों का नियमित आयोजन किया जाएगा। कविता दलाल ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और स्वस्थ समाज के निर्माण का सबसे प्रभावी साधन है। उनका लक्ष्य युवाओं में नशामुक्ति, स्वास्थ्य जागरूकता और राष्ट्रभक्ति की भावना को खेलों के माध्यम से मजबूत करना भी रहेगा। कविता दलाल ने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन के सभी पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और कार्यकर्ताओं के सहयोग से खेलकूद प्रकोष्ठ को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई जाएगी तथा हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी को आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा। इस मौके पर रालोद वरिष्ठ नेता धीरज उज्जवल, राष्ट्रीय लोकदल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष तरसपाल मलिक, सुखबीर सिंह गठिना, चौधरी बिजेंद्र सिंह बिजवाड़ा, रालोद महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष प्रज्ञा बालियान, एडवोकेट जयवीर तोमर, राजू तोमर सिरसली, नीरज पंडित, सुनील मलिक शामली, वीरेंद्र राणा, सागर तोमर, लेखराज प्रधान, गौरव तोमर, महामहिम राष्ट्रपति जी व उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार विपुल जैन आदि उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

सूचना निदेशक ने पत्रकार बन्धुओं के हितार्थ उठाया महत्वपूर्ण कदम